पंजाब

पीएम मोदी की रैली में सुरक्षा चूक पर उत्तराखंड BJP भड़का, सीएम चन्नी का मांगा इस्तीफा

Kunti Dhruw
5 Jan 2022 5:05 PM GMT
पीएम मोदी की रैली में सुरक्षा चूक पर उत्तराखंड BJP भड़का, सीएम चन्नी का मांगा इस्तीफा
x
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर (पंजाब) रैली के दौरान सुरक्षा में चूक पर भाजपा ने पंजाब सरकार को घेरा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर (पंजाब) रैली के दौरान सुरक्षा में चूक पर भाजपा ने पंजाब सरकार को घेरा है। आरोप लगाया कि कांग्रेस हाईकमान के इशारे पर पंजाब कांग्रेस सरकार ने यह षड़यंत्र रचा। भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा सर्वोपरि होती है।

उसमें इस तरह की लापरवाही कतई स्वीकार नहीं की जा सकती है। पीएम मोदी ने पंजाब के लिए हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उदघाटन करने वाले थे, लेकिन वहां की कांग्रेस सरकार को यह नागुवार लगा और अपने राजनैतिक फायदे के लिए पीएम के काफिले को रुकवाने की साजिश की है।

कौशिक ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ होगा, जब प्रधानमंत्री के काफिले को इस तरह और इतनी देर तक रोका गया। इसके चलते यह कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। कहा कि पंजाब की चन्नी सरकार ने मोदी की लोकप्रियता से घबराकर और अपने आलाकमान को ही खुश करने के लिए पीएम की सुरक्षा को ही खतरे में डाला है।
पंजाब में कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी ओछी राजनीतिक मानसिकता का परिचय दिया है। जिस प्रकार से पीएम मोदी की सुरक्षा से समझौता हुआ और लोगों को अपने प्रिय नेता को सुनने आने से रोका गया, ये पूरी तरह से अलोकतांत्रिक और निंदनीय है। कांग्रेस नेता अपनी जिम्मेदारियों को पहले ही भुला चुके थे और अब पंजाब के सीएम चन्नी ने फोन तक ना उठाकर नैतिकता और मर्यादाओं को तार-तार कर संघीय व्यवस्था का भी अपमान किया है।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
यह कैसी राजनीति और विरोध है। पंजाब कांग्रेस सरकार ने निम्नतम स्तर का प्रदर्शन किया। पीएम मोदी का यह अपमान हिन्दुस्तान नहीं सहेगा। इसका जवाब कांग्रेस सरकार को जनता देगी। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को इस षड़यंत्र पर तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
नरेश बंसल सांसद, राज्यसभा


Next Story