पंजाब

अमृतसर में हथियारों के दो नेटवर्क का पर्दाफाश, छह आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

Admindelhi1
11 Nov 2026 12:01 PM IST
अमृतसर में हथियारों के दो नेटवर्क का पर्दाफाश, छह आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
x
14 पिस्तौलों के साथ छह गिरफ्तार, अमृतसर में अवैध हथियार नेटवर्क पर कार्रवाई

चंडीगढ़: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। इस दौरान छह व्यक्तियों को 14 आधुनिक पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार किया है।

यह जानकारी मंगलवार काे पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। उनके मुताबिक

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान बॉबी सिंह और रविंदर सिंह उर्फ मन्ना, दोनों निवासी गांव तलवंडी शोभा सिंह, तरनतारन, गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत निवासी गांव खोआला तथा वर्तमान निवासी मैक्स सिटी, जंडपीर कॉलोनी, अमृतसर; कमल निवासी संधू कॉलोनी, अमृतसर; अजय सिंह उर्फ काका निवासी एसमा एस्टेट, अमृतसर और स्वर्ण सिंह निवासी सेक्टर-17, पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है।

बरामद किए गए पिस्तौलों में एक .30 बोर टिसास जिगाना, एक .30 बोर जिगाना ईगल, एक .30 बोर (चीन निर्मित), दो एमएम पिस्तौल, सात .30 बोर पिस्तौल और दो .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपित कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशों में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जिन्होंने ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में सहायता की थी। उन्होंने बताया कि आरोपित कथित तौर पर इन खेपों को प्राप्त करते थे और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को हथियारों की आपूर्ति करते थे।

डीजीपी ने कहा कि अवैध हथियारों की आपूर्ति के बड़े नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और अन्य सहयोगियों की पहचान करने के उद्देश्य से आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह अवैध पिस्तौलों सहित पांच आरोपियों बॉबी सिंह, रविंदर सिंह उर्फ मन्ना, गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत, कमल और अजय सिंह उर्फ काका को गिरफ्तार किया है। सीपी ने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आठ अवैध पिस्तौलों सहित स्वर्ण सिंह को काबू किया है। इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

Next Story