पंजाब
पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश, लिखे मिले खालिस्तानी नारे
Shantanu Roy
19 Oct 2022 3:21 PM GMT

x
बड़ी खबर
बठिंडा। यहां के गुरु नानक देव थर्मल प्लांट की दीवार पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा खालिस्तान जिंदाबाद व अन्य नारे लिखे मिलने से हड़कंप मच गया। इसका पता चलते ही पुलिस प्रशासन के हाथ पैर फूल गए। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच की व नारों को मिटाया गया। गौरतलब है कि कुछ समय पहले जंगलात विभाग के दफ्तर की दीवारों पर भी इसी प्रकार खालिस्तानी नारे लिखे पाए गए थे। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया था लेकिन अभी तक नारे लिखने वालों का कोई सुराग नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार पुलिस को बुधवार सुबह नारे लिखे जाने की घटना के बारे पता चला। पता चलते ही थाना थर्मल पुलिस के प्रभारी पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे व घटना की पड़ताल शुरू की। इस संबंध में पुलिस थर्मल के नजदीक लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके। घटना के बारे में थाना थर्मल के प्रभारी हरजोत सिंह ने बताया कि पुलिस सी.सी.टी.वी. फुटेज देख रही है ताकि नारे लिखने वालों को काबू किया जा सके। उन्होंने बताया कि मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है व जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Next Story