पंजाब
पंजाब में जनता बदलाव के लिए तैयार, रोजाना आ रही जबरन वसूली और गैंगस्टरवाद की खबरें: सचिन पायलट
jantaserishta.com
19 Nov 2026 11:01 AM IST

x
मोहाली: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव के लिए तैयार है और लोग बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। पायलट ने कहा कि कांग्रेस मुद्दों पर आधारित राजनीति कर रही है और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना पड़ेगा।
मोहाली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस का चुनाव प्रचार काफी अच्छा चल रहा है। खन्ना में पार्टी की एक जनसभा आयोजित की जा रही है। राहुल गांधी की ओर से शुरू किए गए साइकिल मार्च और इंसाफ रैली के बाद लगातार लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।
पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पायलट ने कहा कि राज्य से रोजाना जबरन वसूली, फिरौती की मांग, गैंगस्टरों और नशीले पदार्थों से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं। इससे प्रदेश के युवाओं में निराशा बढ़ रही है। पंजाब के लोग अब इस स्थिति से बाहर निकलना चाहते हैं। कांग्रेस राज्य में एक नई शुरुआत करना चाहती है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा कि उन्हें अफसोस है कि मुख्यमंत्री गंभीर मुद्दों को भी हल्के में लेते हैं। वह हर बात पर मजाक करते और चुटकुले सुनाते रहते हैं, जबकि पंजाब को गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार और संवेदनशील राजनीति की जरूरत है।
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल होने पर पायलट ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था। कैप्टन अमरिंदर सिंह के गांधी परिवार से पुराने संबंध रहे हैं। उन्हें आमंत्रित किया गया था और वह शिष्टाचार के नाते कार्यक्रम में शामिल हुए। उनकी मौजूदगी गरिमापूर्ण रही।
वहीं, पंजाब विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर पायलट ने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी और प्रदेश चुनाव समिति का गठन हो चुका है। जल्द ही बैठक होगी। पार्टी सर्वे के आधार पर योग्य उम्मीदवारों का चयन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नए, शिक्षित और ईमानदार चेहरों को प्राथमिकता देना चाहती है, जैसा कि राहुल गांधी भी लगातार जोर देते रहे हैं।
TagsSachin Pilot
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





