पंजाब

व्यक्ति काे रेत से भरे टिप्पर ने कुचला, टूटीं दोनों टांगें

Admin2
10 May 2022 1:21 PM GMT
व्यक्ति काे रेत से भरे टिप्पर ने कुचला, टूटीं दोनों टांगें
x
टिप्पर चालक को लोगों ने घेर कर पुलिस के हवाले किया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क : Ludhiana: शहर के जालंधर बाईपास के पास भैरा चौक में टिप्पर के नीचे आने से बुजुर्ग गंभीर घायल हुआ है। टिप्पर के ऊपर चढ़ने से उसकी दोनों टांगें कुचली गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल की शिनाख्त गांव भीलोवाल होशियारपुर निवासी बलवीर सिंह के तौर पर हुई है। वह बस से लुधियाना आया था और आटो में बैठकर अपने गंतव्य की तरफ जा रहा था।

जैसे ही वह भौरा चौक कट के पास पहुंचा तो आटो से उतरते ही टिप्पर के पिछले टायर के नीचे गिर गया। जिससे उसकी दोनों टांगें बुरी तरह से कुचली गईं। लहूलुहान बुजुर्ग की चीखें सुनकर राहगीर इकट्‌ठा हुए और उसे एंबुलेंस के जरिये सीएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया। थाना सलेमटाबरी पुलिस ने रेत से भरे टिप्पर को कब्जे में ले लिया है। वहीं टिप्पर चालक को लोगों ने घेर कर पुलिस के हवाले किया।
जांच अधिकारी जगजीत सिंह ने बताया कि बुजुर्ग गंभीर घायल हुआ है। चश्मदीदों के अनुसार कुछ बस माफिया के लोगों द्व‌ारा ये कट अनाधिकृत रूप से खुलवाया गया है। इस कट पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले ही यहां 2 महिलाओं की हादसे में मौत हो हुई थी। गाैरतलब है कि शहर में सड़क हादसाें की रफ्तार एकाएक बढ़ रही है। इसका सबसे बड़ा कारण तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना है। इसके साथ ही कई चालक शराब पीकर भी वाहन चलाते हैं। हालांकि पुलिस समय-समय पर यातायात जागरूकता अभियान भी चलाती है, लेकिन इसका असर भी कम ही देखने काे मिल रहा है।


Next Story