लुधियाना पश्चिमी सीट पर तय हुई टक्कर, AAP की जीत से केजरीवाल जा सकते हैं राज्यसभा

Chandigarh.चंडीगढ़। लुधियाना पश्चिम सीट पर होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिससे चुनावी मैदान की तस्वीर अब साफ हो गई है। सभी पार्टियों ने दिग्गजों को मैदान में उतारकर यह संकेत दे दिया है कि यह सीट उनके लिए कितनी महत्वपूर्ण है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी द्वारा अपने राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारने से यह साफ हो गया है कि यह सीट पार्टी की प्रतिष्ठा का सवाल है।
हालांकि इस सीट के हारने से आप पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि सरकार के पास दो तिहाई से ज्यादा बहुमत है, लेकिन अगर आप यह सीट हार जाती है तो उसके नेताओं की महत्वाकांक्षाओं पर जरूर असर पड़ेगा। पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा अगर इस सीट से जीतते हैं तो वह न सिर्फ विधायक बनेंगे बल्कि कैबिनेट में भी उनकी जगह पक्की है। भगवंत मान की कैबिनेट में फिलहाल दो सीटें खाली हैं। इनमें से एक संजीव अरोड़ा को मिल सकती है, लेकिन पार्टी की असली नजर राज्यसभा पर है।





