पंजाब

पंजाब विधानसभा में सुखपाल खैहरा निलंबित, सियासी हलचल तेज

Admindelhi1
24 Oct 2026 10:14 AM IST
पंजाब विधानसभा में सुखपाल खैहरा निलंबित, सियासी हलचल तेज
x
पंजाब विधानसभा से सुखपाल खैहरा को बाहर किया गया

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र की आगामी बैठकों के लिए कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को निलंबित कर दिया गया। शुक्रवार को पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सदन में यह प्रस्ताव पेश किया।

वित्त मंत्री ने विधायक पर आपत्तिजनक शब्दावली का प्रयोग करने, चेयर के आदेशों की अवहेलना करने और सदन की कार्यवाही में जानबूझकर बाधा डालने का आरोप लगाया, जिसके कारण विधान सभा का बहुमूल्य समय बर्बाद हुआ और सदन की गरिमा को ठेस पहुंची। चीमा ने कहा कि सदस्यों ने सुखपाल सिंह खैहरा के आपत्तिजनक शब्दों पर कड़ा आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसी आपत्तिजनक शब्दावली पंजाब के परिश्रमी मजदूरों, विशेषकर अनुसूचित जातियों से संबंधित लोगों के स्वाभिमान और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब के श्रमिक वर्ग ने राज्य की प्रगति और समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा, प्रत्येक नागरिक, और विशेष रूप से निर्वाचित प्रतिनिधियों का यह कर्तव्य बनता है कि वे श्रमिक वर्ग की कड़ी मेहनत, ईमानदारी और समाज के प्रति योगदान का सम्मान करें। विधायक ने कहा, जाति, सामाजिक स्थिति या आर्थिक पृष्ठभूमि के आधार पर किसी व्यक्ति या समूह को नीचा दिखाना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। विधायकों से अपेक्षा की जाती है कि वे पूरी जिम्मेदारी से पेश आएं और सदन की गरिमा बनाए रखें।

हरपाल सिंह चीमा ने कांग्रेस पार्टी के खेदजनक रवैये के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव लाने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद, सुखपाल सिंह खैहरा को सत्र के शेष समय के लिए निलंबित करने संबंधी प्रस्ताव मतदान के लिए पेश किया गया और स्पीकर द्वारा इसे सर्वसम्मति से पारित करने की घोषणा की गई।

Next Story