
शाहकोट में पराली के धुएं ने 2 लोगों की जान ले ली है। किसानों ने खेतों में धान की फसल निकालने के बाद पराली को आग लगाई हुई थी। आग के कारण आसपास गहरा धुआं फैला हुआ था। इस कारण खेतों के साथ लगती सड़क पर 2 दोपहिया वाहन चालकों के आमने-सामने कुछ नजर नहीं आया और दोनों की आपस में सीधी जोरदार टक्कर हो गई।
इस हादसे में दोनों दोपहिया वाहन चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गांव मीरपुर सैदां में हुआ है। मरने वालों की पहचान निजामपुर निवासी हरदेव सिंह (58) और गांव हेरां निवासी गुरजोत सिंह (15) के रूप में हुई है।
गांववासियों ने बताया कि हरदेव सिंह एक्टिवा स्कूटी पर शाहपुर से अपने गांव की तरफ जा रहे था, जबकि गुरजोत सिंह बाइक पर मलसियां से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। दोनों जब मीरपुर सैदां गांव में पहुंचे तो वहां पर किसानों ने खेतों में पराली को आग लगा रखी थी। आग के कारण फैला धुआं इतना गहरा था कि आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।
इस से दोनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दोनों पक्की सड़क पर गिरे और बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों ने मौके पर ही दोनों को उठाया और पुलिस को फोन करने के बाद अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
