पंजाब

क्रिकेट लीग में SSP-इलेवन विजयी

Payal
2 April 2025 1:30 PM IST
क्रिकेट लीग में SSP-इलेवन विजयी
x
Punjab.पंजाब: युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए पीसीए के सहयोग से एचडीसीए द्वारा आयोजित शहीद भगत सिंह प्रीमियर क्रिकेट लीग के फाइनल मैच में एसएसपी-इलेवन ने डॉक्टर्स-इलेवन को 4 विकेट से हराकर खिताब जीत लिया। एचडीसीए सचिव डॉ. रमन घई ने बताया कि इस फाइनल मैच में डॉक्टर्स-इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 196 रन बनाए, जिसमें डॉ. गुरमिंदर ने 64, डॉ. राहुल भारती ने 43, डॉ. रोहित रजत ने 30 और डॉ. रूपिंदर संधू ने 18 रनों का योगदान दिया। एसएसपी-इलेवन की ओर से गेंदबाजी करते हुए राकेश रोकी ने 3 विकेट, अखिल बाली और संदीप मिंटू ने 2-2 विकेट लिए, कप्तान सुभाष चंद्र, तरलोचन राणा और लवप्रीत ने एक-एक खिलाड़ी को आउट किया।
जीत के लिए 20 ओवर में 197 रनों का लक्ष्य लेकर बल्लेबाजी करने उतरी एसएसपी-इलेवन ने 19.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाकर खिताब अपने नाम कर लिया। जतिंदर लवली ने 60 रन, राकेश रोकी ने 34 रन, संदीप मिंटू व लवप्रीत ने 30-30 रन तथा तरलोचन राणा ने 20 रन बनाकर एसएसपी-इलेवन की जीत में अहम योगदान दिया। डॉक्टर्स-इलेवन की ओर से डॉ. हितेश अग्रवाल व डॉ. साहिल आदिया ने 2-2 विकेट लिए तथा डॉ. गुरमिंदर व डॉ. रूपिंदर संधू ने एक-एक खिलाड़ी को आउट किया। इस प्रकार एसएसपी-इलेवन ने बड़ी जीत के साथ जागरुक पंजाब प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। आज खेले गए फाइनल मैच में होशियारपुर की जिला मजिस्ट्रेट आशिका जैन ने मुख्य अतिथि के तौर पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।
Next Story