पंजाब

प्रकाश पर्व पर बेर साहिब पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, संगत में बैठकर सुनी गुरबाणी

Admindelhi1
25 Nov 2026 11:32 AM IST
प्रकाश पर्व पर बेर साहिब पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, संगत में बैठकर सुनी गुरबाणी
x
सुल्तानपुर लोधी पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज, बोले- आज मेरी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हुई

सुल्तानपुर लोधी: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को पंजाब के सुल्तानपुर लोधी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब पहुंचे। उन्होंने माथा टेककर देशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति के लिए अरदास की। इस दौरान संगत के बीच बैठकर गुरबाणी सुनी और गुरु घर की सेवा में योगदान दिया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लंबे समय से उनकी इच्छा इस पवित्र स्थल के दर्शन करने की थी। गुरु नानक देव जी ने इसी धरती पर 14 वर्ष, नौ महीने और 13 दिन बिताए थे तथा मानवता को 'एक ओंकार' का संदेश दिया था।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं नाम जपो, कीरत करो और वंड छको का संदेश देती हैं। उन्होंने ईमानदारी से मेहनत करने, मिल-बांटकर खाने, आपसी प्रेम और भाईचारा बनाए रखने तथा महिलाओं का सम्मान करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Next Story