पंजाब

पटियाला में सनसनीखेज मामला, प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा

Saba Naaz
22 July 2026 9:55 PM IST
पटियाला में सनसनीखेज मामला, प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा
x

पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले के हरीमाजरा गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर पहले युवक की हत्या की और बाद में घटना को हादसे का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

मृतक की पहचान हरीमाजरा गांव निवासी सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुखविंदर सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे, जिसके बाद मामला संदिग्ध लगा। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी हरजीत कौर और उसके कथित प्रेमी शिंदर सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

मृतक के जीजा मोतीराम निवासी गांव डांडियाना, अंबाला हरियाणा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। घनौर थाना के एडिशनल इंचार्ज गुरपिंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

शिकायत के मुताबिक सुखविंदर सिंह की शादी करीब 17 साल पहले हरजीत कौर से हुई थी। दोनों हरीमाजरा गांव में परिवार के साथ रहते थे। उनके चार बेटियां और एक बेटा है। परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन बाद में पत्नी के कथित संबंधों को लेकर विवाद शुरू हो गया था।

परिजनों का आरोप है कि हरजीत कौर के शिंदर सिंह नामक व्यक्ति के साथ कथित रूप से अवैध संबंध थे। शिंदर सिंह का घर पर लगातार आना-जाना रहता था, जिसको लेकर सुखविंदर सिंह और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवार वालों का कहना है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

घटना 19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात की बताई जा रही है। आरोप है कि इसी दौरान हरजीत कौर और शिंदर सिंह ने किसी घातक हथियार से सुखविंदर सिंह के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

परिजनों के अनुसार 20 जुलाई को एक रिश्तेदार ने सुखविंदर सिंह के घायल होने की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग राजिंदरा अस्पताल, पटियाला पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जीएमसीएच सेक्टर-32, चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सुखविंदर सिंह की मौत हो गई।

परिजनों को शुरुआत से ही घटना पर संदेह था। आरोप है कि अस्पताल में हरजीत कौर ने बताया था कि सुखविंदर सिंह मकान से गिरकर घायल हुआ है। हालांकि सिर पर गंभीर चोटों और घटना की परिस्थितियों को देखते हुए परिवार को यह कहानी संदिग्ध लगी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपों की पुष्टि के लिए सबूत जुटा रही है। घटनास्थल की जांच, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story