Samrala: नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, 12 दुकानों को किया गया सील

समराला: नगर परिषद समराला ने वर्षों से किराया न देने वाले दुकानदारों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को 12 दुकानों को सील कर दिया। इन दुकानों के किराएदार पिछले 10 से 12 वर्षों से किराया अदा नहीं कर रहे थे, जिससे नगर परिषद को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा था।
नगर परिषद की इस कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे जगरूप सिंह ने जानकारी दी कि समराला शहर में परिषद की कुल 77 दुकानें हैं। इनमें से 29 दुकानों के किराएदार लंबे समय से किराया नहीं दे रहे थे, जबकि नगर परिषद ने उन्हें कई बार नोटिस भी जारी किए थे। लगातार चेतावनी और नोटिसों के बावजूद किराया अदा न करने पर परिषद को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बलबीर सिंह गिल के निर्देश पर विशेष कार्रवाई दल गठित किया गया, जिसने 5 चौबारों सहित कुल 12 दुकानों को सील किया। कार्रवाई के दौरान परिषद के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और नगर कौंसिल की संपत्ति को अपने आधिपत्य में ले लिया गया।





