पंजाब

BJP नेताओं के रिश्तेदार भ्रष्टाचार केस में गिरफ्तार

Harrison
8 July 2023 11:59 AM GMT
BJP नेताओं के रिश्तेदार भ्रष्टाचार केस में गिरफ्तार
x
जालंधर | मनी लांड्रिंग और भ्रष्टाचार के एक मामले में ई.डी. की तरफ से बड़ी सफलता हासिल की गई है। सी.बी.आई. के पूर्व जज सुधीर परमार को 7 करोड़ रुपए की रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में ई.डी. ने रियल एस्टेट कंपनी आई.आर.ई.ओ. के मालिक तथा बिल्डर ललित गोयल सहित 4 लोगों को अरैस्ट किया है। इस पूरे मामले में जिस जज को रिश्वत की पेशकश की गई, उसकी भूमिका को लेकर भी जांच चल रही है।
इस पूरे मामले में खास बात यह है कि गिरफ्तार किया गया ललित गोयल भाजपा के बड़े नेता सुधांशु मित्तल का रिश्तेदार है। इस मामले में दर्ज की गई एफ.आई.आर. में सुधांशु मित्तल का भी नाम है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए ललित गोयल के ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप हैं ही, साथ ही पूर्व जज सुधीर परमार के साथ संबंधों पर भी जांच चल रही है। हरियाणा के एंटी करप्शन ब्यूरो की तरफ से परमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और इस मामले में गोयल और सुधांशु दोनों जुड़े हुए हैं।
इससे पहले ललित गोयल को फ्लैट खरीदने वालों के साथ धोखाधड़ी के एक मामले में नवम्बर 2021 में भी गिरफ्तार किया गया था और तभी से वह जेल में बंद था। जेल से जल्दी जमानत लेने और रियायत के लिए जज को रिश्वत दी गई, जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसी मामले में ई.डी. ने मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया था। ललित गोयल को अप्रैल 2022 में पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट की तरफ से जमानत दे दी गई थी। अब इस नए मामले में सी.बी.आई. तथा ई.डी. दोनों की तरफ से ललित गोयल को आरोपी बनाया गया है।
इसलिए आ रहा है भाजपा नेता सुधांशु मित्तल का नाम
इस पूरे मामले में भाजपा के नेता सुधांशु मित्तल का नाम दो वजहों से आ रहा है और इसी कारण उनका एफ.आई.आर. में नाम भी है। एक बड़ी वजह तो यह है कि वह ललित गोयल के रिश्तेदार हैं, दूसरा सुधांशु मित्तल ही ललित गोयल की पत्नी के साथ उस जज से मिले थे, जिसे रिश्वत की पेशकश की गई थी। इस संबंध में एक आडियो भी जांच एजैंसियों को मिली है, जिसमें जज की तरफ से गोयल को राहत देने की बात की जा रही है।
Next Story