पंजाब

राजजीत सिंह ने पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण

Admindelhi1
24 Sept 2026 2:47 PM IST
राजजीत सिंह ने पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण
x
भगोड़े एआईजी राजजीत सिंह ने किया सरेंडर

पटियाला: 2019 से फरार चल रहे बर्खास्त एआईजी राजजीत सिंह ने पटियाला पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। राजजीत सिंह को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही करीब छह वर्षों से चल रही उनकी फरारी समाप्त हो गई।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि राजजीत सिंह को ड्रग तस्करी और जबरन वसूली के कथित नेटवर्क से जुड़े मामलों में नाम सामने आने के बाद अप्रैल, 2019 में पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। यह मामला बर्खास्त इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह से जुड़ी जांच के दौरान सामने आया था। इंद्रजीत सिंह पर ड्रग तस्करी और वसूली के नेटवर्क में शामिल होने के आरोप लगे थे। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश पर हुई जांच में राजजीत सिंह की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे थे।

हाई कोर्ट के रिकॉर्ड के अनुसार जांच में राजजीत सिंह की इंद्रजीत सिंह और कुछ अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कथित भूमिका की जांच की गई थी। राजजीत सिंह के खिलाफ वर्ष 2019 में दो मामले दर्ज किए गए थे। इनमें एक मामला विजिलेंस ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में दर्ज किया था, जबकि दूसरा मामला स्पेशल टास्क फोर्स ने कथित वसूली, लोगों को झूठे ड्रग मामलों में फंसाने और कथित ड्रग तस्करों को संरक्षण देने के आरोपों के संबंध में दर्ज किया था।

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से उनकी जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद राजजीत सिंह भूमिगत हो गए थे। उन्हें पकड़ने के लिए लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था और विभिन्न एजेंसियां उनकी तलाश कर रही थीं। हाई कोर्ट ने इससे पहले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की कथित भूमिका की जांच के निर्देश दिए थे। साथ ही राजजीत सिंह से जुड़ी वित्तीय संपत्तियों की भी जांच की गई थी।

Next Story