पंजाब

दिवाली के बाद सांस लेने लायक भी नहीं रही पंजाब की हवा, सबसे अधिक प्रदूषित यह जिला

Shantanu Roy
25 Oct 2022 1:03 PM GMT
दिवाली के बाद सांस लेने लायक भी नहीं रही पंजाब की हवा, सबसे अधिक प्रदूषित यह जिला
x
बड़ी खबर
चंडीगढ़। दिवाली के बाद पंजाब के कई हिस्सों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बहुत ही बुरे हालत में पहुंच गया है। हवा की गुणवत्ता 'खराब' और 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार पंजाब के लुधियाना में सुबह 10 बजे के करीब एक्यूआई क्रमश: 313 और 269 दर्ज किया गया। इसके अलावा अमृतसर- 249, मंडी गोबिंदगढ़- 208, पटियाला- 225, जालंधर- 260 और खन्ना- 212 एक्यूआई दर्ज किया गया हैं। चंडीगढ़ का एक्यूआई 178 दर्ज किया गया है।
पंजाब सरकार ने दिवाली पर पटाखे चलाने के लिए रात 8 बजे से 10 बजे तक का समय दिया था पर कुछ इलाकों में तो रात 11 बजे के करीब भी लोगों द्वारा पटाखे जलाए गए। पंजाब में कई जगह पराली भी जलाई गई। इसके चलते खेतों से निकलने वाले धुएं और पटाखों से प्रदूषण ने हवा की गुणवत्ता के स्तर को नीचे ला दिया है। गौरतलब है कि पंजाब और हरियाणा में अक्टूबर और नवंबर के महीनों में पराली जलाई जाती है, जिससे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के स्तर में चिंताजनक वृद्धि हो जाती है।
Next Story