
पंजाब Punjab कनाडा के टोरंटो में पंजाबी मूल की 26 साल की एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप पंजाबी मूल के ही 37 साल के एक व्यक्ति पर है। टोरंटो पुलिस ने ब्रैम्पटन के रहने वाले एक व्यक्ति की पहचान की है, जिस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है। यह घटना शुक्रवार तड़के एटोबिओको में हुई, जिसे पुलिस ने "टारगेटेड अटैक" (खास मकसद से किया गया हमला) बताया है। मृतक महिला की पहचान टोरंटो की रहने वाली नवनीत कौर (26) के तौर पर हुई है। आरोपी शरणजीत सिंह (37) पर एक अंडरटेकिंग (कानूनी वादे) का पालन न करने का आरोप भी लगाया गया है।
आरोपी और मृतक महिला के बीच क्या संबंध था, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। टोरंटो पुलिस ने एक प्रेस बयान में कहा है कि महिला और आरोपी के बीच "थोड़ी देर बातचीत" हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने महिला को गोली मार दी। गोलीबारी की खबर मिलने के बाद इमरजेंसी सर्विस के लोग मौके पर पहुंचे और महिला की जान बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गया था, लेकिन बाद में ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस के अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। शरणजीत को शनिवार सुबह टोरंटो में ओंटारियो कोर्ट ऑफ़ जस्टिस में पेश किया जाना था। पास में ही कॉफ़ी पी रहे एक गवाह ने बताया कि उसने एक व्यक्ति को महिला के पास जाते और गोली चलाने से पहले उससे थोड़ी देर बात करते देखा था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। टोरंटो पुलिस इस मामले में और जानकारी जुटा रही है।





