पंजाब

अगले महीने पंजाब सचिवालय हो जाएगा सुनसान, जानें क्या है कारण

Shantanu Roy
27 Oct 2022 5:17 PM GMT
अगले महीने पंजाब सचिवालय हो जाएगा सुनसान, जानें क्या है कारण
x
बड़ी खबर
जालंधर। केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा अगले कुछ दिनों में गुजरात के विधानसभा चुनावों का ऐलान करने के साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा वरिष्ठ मंत्रीगण गुजरात की तरफ रुख कर लेंगे। केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा गुजरात विधानसभा चुनावों का ऐलान नवंबर के पहले सप्ताह में संभावित है तथा उसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। गुजरात में चुनाव सम्पन्न होने के बाद हिमाचल प्रदेश तथा गुजरात विधानसभा चुनावों की मतगणना एक साथ की जाएगी। आम आदमी पार्टी पिछले लगभग 2 महीनों से गुजरात चुनावों को लेकर काफी सक्रिय है और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कई चुनावी रैलियों को संबोधित कर चुके हैं। आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने भी गुजरात में डेरा जमाया हुआ है। इसके अलावा दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी गुजरात का दौरा कर चुके हैं।
अब चूंकि हिमाचल प्रदेश के बाद गुजरात चुनावों का बिगुल बजने जा रहा है इसलिए इस बार तो मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ-साथ लगभग सभी मंत्रियों को चुनाव प्रचार के लिए गुजरात जाना पड़ेगा इसलिए नवंबर माह में पंजाब सचिवालय चंडीगढ़ लगभग सुनसान हो जाएगा। गुजरात चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रतिष्ठा दाव पर लगी हुई है। आम आदमी पार्टी की कोशिश है कि वह गुजरात में कांग्रेस को पछाड़ कर आगे निकले और अब तो आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान की रैलियों में जिस तरह से भीड़ उमड़ रही है उसे देखते हुए ये नेता स्वयं सत्ता में आने के दावे कर रहे हैं। अब यह तो चुनावी नतीजे ही बताएंगे कि 'ऊंट किस करवट बैठता है' परन्तु पंजाब से मुख्यमंत्री, मंत्रीगण तथा विधायकों ने गुजरात जाने का कार्यक्रम तैयार करना शुरू कर दिया है।
Next Story