
Punjab पंजाब पुलिस के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस (DGP) गौरव यादव ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर मलेशिया से दविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े तीन वॉन्टेड संदिग्धों को डिपोर्ट करवाया गया है। इन आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल, अजय सिंह और पवनदीप सिंह के तौर पर हुई है।
DGP के मुताबिक, ये तीनों हत्या, जबरन वसूली और विस्फोटक से जुड़े कई मामलों में वॉन्टेड हैं। साथ ही, उन पर लुधियाना में हैंड-ग्रेनेड से धमाका करने की साज़िश रचने का भी आरोप है। उन्होंने यह भी कहा कि इन मामलों का संबंध पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) से है।
X पर एक पोस्ट में यादव ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस विंग के 'ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल' (OFTEC) ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से इन तीनों को मलेशिया से डिपोर्ट करवाया। यादव ने पोस्ट में कहा, "पंजाब पुलिस को ट्रांसनेशनल ऑर्गनाइज्ड क्राइम (अंतर-देशीय संगठित अपराध) के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है।" उन्होंने बताया कि जस, अजय और पवनदीप को नई दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर पहुंचने पर गिरफ्तार किया गया और आगे की जांच के लिए उन्हें पंजाब लाया जा रहा है।





