पंजाब

पंजाब पुलिस को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की 7 दिन की रिमांड मिली

Subhi
15 Jun 2022 9:31 AM IST
पंजाब पुलिस को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की 7 दिन की रिमांड मिली
x
मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस ने बुधवार को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की 7 दिन की रिमांड हासिल की है.

मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस ने बुधवार को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की 7 दिन की रिमांड हासिल की है. पंजाब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई को सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में मनसा के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया था. इससे पहले मंगलवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने पंजाब पुलिस को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में गिरफ्तार करने की अनुमति दी थी. अदालत ने पंजाब पुलिस को उसे पंजाब ले जाने की अनुमति भी दी थी. अब पंजाब पुलिस लॉरेंस बिश्नोई को मोहाली ले जा रही है.

ANI के मुताबिक पंजाब पुलिस के ट्रांजिट आवेदन पर लॉरेंस बिश्नोई के वकील विशाल चोपड़ा ने अदालत में कहा था कि बिश्नोई की जान को खतरा है. अगर लॉरेंस बिश्नोई को पंजाब भेजने की अनुमति दी गई तो उसकी हत्या हो सकती है. बिश्नोई के वकील का कहना था कि वे वर्चुअल जांच और सुनवाई के विरोध में नहीं हैं. लॉरेंस बिश्नोई के वकील का कहना था कि वे केवल बिश्नोई को पंजाब भेजे जाने का विरोध कर रहे हैं. अगर पंजाब पुलिस को जरूरत हो तो लॉरेंस बिश्नोई को गिरफ्तार करे, लेकिन उसे केवल दिल्ली में ही रखा जाए.

गौरतलब है कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मनसा जिले के जवाहरके गांव में 29 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उससे केवल एक दिन पहले ही पंजाब पुलिस ने सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा को वापस लिया था. सिद्धू मूसेवाला के साथ ही पूरे राज्य में 424 लोगों की भी सुरक्षा को वापस लिया गया था. पंजाब में विधानसभा के चुनाव से पहले सिद्धू मूसेवाला ने पिछले साल दिसंबर में कांग्रेस की सदस्यता ली थी और विधानसभा चुनाव भी लड़ा था.


Next Story