
Patiala पटियाला : पंजाब में इस बार मानसून अपने तय समय से पहले आ चुका है। करीब सप्ताहभर पहले पहुंचा मानसून अगले दो से तीन दिनों में पूरे राज्य को कवर कर लेगा।
मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक अगले दो दिन पंजाब में कई जगह पर भारी बारिश और 26 जून को बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून अच्छा रहेगा, जो पंजाब में गिरते भू-जलस्तर के लिए फायदेमंद होगा। सोमवार को पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। मुख्यत: मौसम शुष्क बना रहा, जिसके चलते पंजाब के तापमान में 1.8 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
मंगलवार को भी मौसम शुष्क रहा। इस वजह से गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल किया। सोमवार को सबसे अधिक तापमान 42.5 डिग्री बठिंडा का दर्ज किया गया। लेकिन अमृतसर, लुधियाना व पटियाला का पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। पंजाब के न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य के पास बना है। सबसे कम 23.6 डिग्री का न्यूनतम पारा एसबीएस नगर का दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में अगले चार दिन भारी बारिश होगी। इस दौरान खास तौर से 26 जून को बेहद भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री (सामान्य से 0.9 डिग्री नीचे), लुधियाना का 35.0 डिग्री (सामान्य से 1.5 डिग्री नीचे), पटियाला का 37.2 डिग्री (सामान्य से 0.5 डिग्री नीचे), पठानकोट का 36.5 डिग्री, फिरोजपुर का 36.8 डिग्री, फरीदकोट का 38.5 डिग्री और जालंधर का 35.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 25.5 डिग्री दर्ज किया गया। लुधियाना का 24.6 डिग्री, पटियाला का 27.4 डिग्री, पठानकोट का 27.5 डिग्री, बठिंडा का 30.0 डिग्री. फरीदकोट का 28.6 डिग्री और जालंधर का 27.3 डिग्री दर्ज किया गया।





