
x
ट्रैफिक प्लान चंडीगढ़ जाने वाले रूट्स पर असर
चंडीगढ़: पंजाब के किसान आज मोहाली के रास्ते चंडीगढ़ की ओर कूच करेंगे। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित रास्तों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
किसान संगठनों की ओर से प्रस्तावित मार्च के चलते मोहाली-चंडीगढ़ सीमा और आसपास के इलाकों में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। प्रदर्शनकारी मोहाली से आगे बढ़ते हुए चंडीगढ़ पहुंचेंगे, जिसके कारण कई सड़कों पर जाम की स्थिति बन सकती है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान इन प्रमुख मार्गों पर असर पड़ सकता है:
सेक्टर-51/52 लाइट प्वाइंट से ISBT-43 की ओर जाने वाला रास्ता
सेक्टर-43 चौक, साउथ एंड चौक और पिकाडली चौक क्षेत्र
हिमालय मार्ग स्थित अरोमा लाइट प्वाइंट
पिकाडली चौक से गुरुद्वारा चौक तक का मार्ग
किसान भवन चौक और सेक्टर-20/21 से सेक्टर-33/34 चौक की तरफ जाने वाले रास्ते
सेक्टर-50/51 चौक से मोहाली बैरियर की ओर जाने वाला सरोवर पथ
किसानों के अलग-अलग समूहों के लिए भी रूट तय किए गए हैं। पंजाब के विभिन्न जिलों से आने वाले किसान मोहाली के रास्ते एयरपोर्ट रोड और IISER टी-प्वाइंट की ओर पहुंचेंगे। कुछ समूहों को लैंडरां चौक और गुरुद्वारा सोहाना साहिब के रास्ते आने के निर्देश दिए गए हैं।
चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें। जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को समय से पहले घर से निकलने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ट्रैफिक प्रबंधन के लिए भी अतिरिक्त इंतजाम किए हैं, ताकि प्रदर्शन के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
Next Story





