पंजाब
Punjab Assembly Elections: भाजपा को पीएम मोदी फिर देंगे जीत का मंत्र, 16 जनवरी को वर्चुअल रैली में लेंगे हिस्सा
Deepa Sahu
26 July 2022 12:00 AM IST

x
फिरोजपुर रैली रद्द हो जाने के बाद पंजाब भाजपा फिर से अपने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगी।
फिरोजपुर रैली रद्द हो जाने के बाद पंजाब भाजपा फिर से अपने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगी। इसके लिए पार्टी 16 जनवरी को बड़ी वर्चुअल रैली का आयोजन कर रही है। इसके जरिये पार्टी की तीन लाख कार्यकर्ताओं को जोड़ने की योजना है। 2.50 लाख कार्यकर्ता राज्य में बूथ स्तर पर बनाए गए शक्ति केंद्रों से रैली में जोड़े जाएंगे।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक गतिविधियों पर 15 जनवरी तक रोक लगाई हुई है। इसके बाद अब राजनीतिक दल वर्चुअल रैलियों का आयोजन कर रहे हैं। भाजपा भी पंजाब चुनाव में सत्ता पर काबिज होने की आस लगाए हुए है। कृषि कानून वापस लेने के बाद पार्टी के नेता काफी राहत महसूस कर रहे हैं। हालांकि फिरोजपुर रैली में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी निराशा थी लेकिन अब इस वर्चुअल रैली के जरिये एक बार फिर केंद्रीय नेतृत्व पार्टी के कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का काम करेगा।
इस रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित कर सकते हैं। इन बड़े नेताओं की रैली में शामिल होने की चर्चाओं के बीच पंजाब भाजपा के नेता भी काफी राहत महसूस कर रहे हैं। पंजाब के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत रैली की तैयारियों की स्वयं देखरेख कर रहे हैं।
Next Story





