पंजाब

BJP मुख्यालय में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस, पंजाब में बीजेपी-अकाली गठबंधन का हो सकता है ऐलान

jantaserishta.com
24 Nov 2026 11:36 AM IST
BJP मुख्यालय में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस, पंजाब में बीजेपी-अकाली गठबंधन का हो सकता है ऐलान
x
नई दिल्ली: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. चुनाव के मद्देनजर बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल आज गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं. पंजाब के सभी वरिष्ठ बीजेपी नेता आज दिल्ली में मौजूद है.
आज दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस होने वाली है. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होने वाले हैं. इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन का ऐलान हो सकता है.
दोनों दलों के साथ आने के पीछे की बड़ी वजह उनका वोट बैंक और क्षेत्रीय पकड़ है. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पंजाब में करीब 25 लाख वोट यानी 18.56 फीसदी वोट मिले थे. वहीं, अकाली दल को लगभग 18 लाख वोट यानी 13.42 फीसदी वोट मिले. दोनों के वोट जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब 43 लाख और कुल वोट प्रतिशत लगभग 32 फीसदी बैठता है.
2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को करीब 28.61 लाख वोट यानी 18.38 फीसदी वोट मिले थे. बीजेपी और उसके सहयोगी दलों को लगभग 12 लाख वोट यानी 8 फीसदी वोट मिले थे. दोनों का संयुक्त आंकड़ा करीब 40 से 41 लाख वोट तक पहुंचता है.
दूसरी तरफ, 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने 42 फीसदी वोट हासिल कर 92 सीटें जीती थीं. कांग्रेस को 22.98 फीसदी वोट मिले थे. वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब में AAP का वोट प्रतिशत घटकर 26.30 फीसदी रह गया, जबकि कांग्रेस को 26.02 फीसदी वोट मिले.
बीजेपी नेताओं का मानना है कि वोटों के बदलते समीकरण में अकाली दल के साथ गठबंधन AAP और कांग्रेस को चुनौती दे सकता है. हालांकि, अलग-अलग चुनावों में मिले वोटों को सीधे जोड़कर विधानसभा सीटों का सटीक अनुमान नहीं लगाया जा सकता.
सूत्रों के मुताबिक, दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़कर देख चुकी हैं और उन्हें अब महसूस हुआ है कि अलग रहने से दोनों का नुकसान हो रहा है. ऐसे में, पुराने सहयोगी एक बार फिर साथ आने वाले हैं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story