पंजाब

PM दौरे से पहले बदली ग्रेन मार्केट की तस्वीर

Saba Naaz
14 July 2026 5:03 PM IST
PM दौरे से पहले बदली ग्रेन मार्केट की तस्वीर
x

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे से पहले शहर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंगलवार को भाजपा चंडीगढ़ इकाई की ओर से सेक्टर-26 स्थित ग्रेन मार्केट में ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू, कस्सी और फावड़े लेकर सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक चले इस विशेष सफाई अभियान में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने ग्रेन मार्केट क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे को हटाया और आसपास के इलाकों की साफ-सफाई की। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के दौरे से पहले शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना बताया गया।

इस अभियान का नेतृत्व भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन को एक जन आंदोलन का रूप दिया है। स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के जरिए लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने में समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करें।

अभियान के दौरान भाजपा नेताओं ने बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा भी लिया। कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में स्वच्छता को लेकर जो अभियान शुरू किया है, उससे लोगों की सोच में बदलाव आया है। अब बड़ी संख्या में लोग स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानकर आगे आ रहे हैं।

सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। ऐसे में यहां सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और उनके स्वागत की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। स्वच्छता अभियान को इसी तैयारी का हिस्सा बताया गया।

भाजपा की ओर से कहा गया कि आने वाले दिनों में भी शहर के अन्य क्षेत्रों में इसी तरह के स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि चंडीगढ़ को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में लोगों की भागीदारी बढ़ाई जा सके।

Next Story