पंजाब

पंजाबी इन्फ्लुएंसर मंजीत केस में नया मोड़ घटना वाली रात की जानकारी आई सामने सामने

nidhi
1 Sept 2026 8:17 AM IST
पंजाबी इन्फ्लुएंसर मंजीत केस में नया मोड़ घटना वाली रात की जानकारी आई सामने सामने
x
मंजीत की मौत

चंडीगढ़: पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर की मौत के मामले में जांच के दौरान नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि घटना वाली रात मंजीत कौर चंडीगढ़ के सेक्टर-34 इलाके में आई थीं और उनके साथ एक दोस्त भी मौजूद थी। इस खुलासे के बाद पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। मंजीत कौर की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। परिवार का आरोप है कि उन्हें सेक्टर-34 से अगवा कर पंजाब के मोरिंडा इलाके में ले जाया गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और आग के हवाले कर दिया गया। करीब दो महीने तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 26 अगस्त को पीजीआई चंडीगढ़ में उनकी मौत हो गई।

दोस्त और आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस अब उस दोस्त से जुड़ी जानकारी जुटा रही है जो घटना वाली रात मंजीत के साथ सेक्टर-34 पहुंची थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वहां क्या हुआ और किन परिस्थितियों में मंजीत को वहां से ले जाया गया। मामले में कुछ परिचितों के नाम सामने आए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है, ताकि पूरी घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हुआ बड़ा खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि मंजीत कौर करीब सात सप्ताह की गर्भवती थीं। इस जानकारी के सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस अब इस पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
54 दिन तक चली जिंदगी की जंग
मंजीत कौर को गंभीर रूप से झुलसी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने करीब 54 दिनों तक इलाज कराया, लेकिन आखिरकार उनकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि घटना से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब अभी मिलने बाकी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की भूमिका, घटना की वजह और उस रात की पूरी टाइमलाइन को स्पष्ट करने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं।
Next Story