
x
चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा रिश्वतकांड में नया खुलासा हुआ है। अरोड़ा रिश्वत की रकम अपने किसी पार्टनर या जानकार से नहीं बल्कि अपने घर से ही लाए थे। विजिलेंस जांच में पता लगा है कि रिश्वत की रकम लेने के बाद अरोड़ा होशियारपुर से KIA कार में सवार होकर पहले मोहाली एयरपोर्ट रोड पर पहुंचे। इसके बाद अरोड़ा ने अपनी गाड़ी बदली और मारबेला ग्रैंड के पार्टनर की इनोवा क्रिस्टा कार ली। फिर वह इनोवा से रिश्वत की रकम लेकर AIG मनमोहन कुमार के पास पहुंचे।
इस दौरान उनके साथ इनोवा कार के मालिक का पीए भी मौजूद था। सुंदर शाम अरोड़ा जिस समय रिश्वत के 50 लाख रुपए AIG मनमोहन कुमार को देने लगे, उसी दौरान पहले से ट्रैप लगाकर तैयार बैठी विजिलेंस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक हिरासत में अरोड़ा
आरोपी सुंदर शाम अरोड़ा फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। इसके अलावा विजिलेंस ब्यूरो ने पठानकोट नगर निगम में अनियमितताओं की शिकायत पर कांग्रेस के पूर्व विधायक अमित विज के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी है। वर्तमान में विज प्रदेश कांग्रेस के खजांची हैं। जानकारी के अनुसार पठानकोट के पूर्व विधायक अमित विज के खिलाफ विजिलेंस को शिकायत मिली थी। इसमें विज पर नगर निगम के अधिकारियों से मिलीभगत कर घोटाले के आरोप लगाए गए हैं। विजिलेंस ने निगम के अधिकारियों के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी है।
Next Story