पंजाब

नशीले पदार्थों की तस्करी केस में नंगल के युवक को मौत की सजा

nidhi
1 Oct 2026 11:20 AM IST
नशीले पदार्थों की तस्करी केस में नंगल के युवक को मौत की सजा
x
नंगल के युवक को UAE में मौत की सजा

नंगल: पंजाब के नंगल के पास पट्टी लोअर गांव निवासी एक युवक को सऊदी अरब में नशीले पदार्थों से जुड़े मामले में मौत की सजा सुनाई गई है। युवक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ बब्बी के रूप में हुई है। वह करीब दो साल से जेल में बंद था।

जानकारी के मुताबिक गुरप्रीत करीब चार साल पहले रोजगार की तलाश में मस्कट गया था। वहां वह ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करता था और मस्कट से सऊदी अरब के बीच माल लेकर आता-जाता था। करीब दो साल पहले उसके ट्रक से कथित तौर पर नशीले पदार्थ बरामद हुए थे, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके बाद गुरप्रीत लगभग दो साल तक जेल में रहा। अब उसे इस मामले में मौत की सजा सुनाए जाने की सूचना उसके परिवार तक पहुंची है। भारतीय दूतावास से जुड़ा संदेश 24 सितंबर को रोपड़ के डिप्टी कमिश्नर को मिला था, जिसके बाद नंगल तहसीलदार ने परिवार को इसकी जानकारी दी।
गुरप्रीत की मां जसवंत कौर और परिवार के अन्य सदस्यों का दावा है कि वह निर्दोष है और उसे मामले में फंसाया गया है। परिवार ने केंद्र और पंजाब सरकार से हस्तक्षेप करने तथा उसकी सजा कम कराने के लिए कूटनीतिक स्तर पर प्रयास करने की मांग की है। गांव के लोगों ने भी परिवार का समर्थन किया है। उनका कहना है कि मामले को सऊदी अधिकारियों के सामने उठाया जाना चाहिए, ताकि गुरप्रीत के पक्ष को दोबारा देखा जा सके।
परिवार के मुताबिक गुरप्रीत उनका इकलौता बेटा है। मौत की सजा की खबर मिलने के बाद गांव और परिवार में चिंता का माहौल है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि केंद्र सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है और क्या राजनयिक माध्यम से सजा में राहत की कोई संभावना बनती है।
Next Story