पंजाब

नगर निगम कर्मचारियों ने दिया धरना:निगम कमिश्नर के खिलाफ खोला मोर्चा, पढ़ें कारण

Admin4
20 Oct 2022 4:41 PM GMT
नगर निगम कर्मचारियों ने दिया धरना:निगम कमिश्नर के खिलाफ खोला मोर्चा, पढ़ें कारण
x
जालंधर। जालंधर नगर निगम के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने वर्दियों के पैसे न मिलने पर निगम कमिश्नर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने आज निगम कमिश्नर दफ्तर के बाहर नारेबाजी करते हुए धरना लगाया।
कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें तीन साल बाद वर्दियों के पैसे मिलते हैं। यह 2019 से ड्यू है, लेकिन नगर निगम के कमिश्नर उनके हक के पैसे उन्हें दे नहीं रहे हैं। वह नगर निगम के कमिश्नर को कई बार रिक्वेस्ट कर चुके हैं, लेकिन वह उनकी बातों को अनसुना कर देते हैं। फाइलों को पास करने की बजाय उन पर ऑब्जेक्शन दर ऑब्जेक्शन लगाए जा रहे हैं।
कर्मचारियों ने जम कर नारे बाजी की। जब कर्मचारी कमिश्नर ऑफिस की तरफ आ रहे थे तो मुख्य भवन के गेट पर पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से भी रोका, लेकिन कर्मचारियों ने मुख्य द्वार पर ही नारेबाजी शुरू कर दी। कर्मचारी पुलिस कर्मचारियों को धकेलते हुए दफ्तर में प्रवेश कर गए। इसके बाद कॉरिडोर में निगम कमिश्नर दविंदर सिंह के दफ्तर के बाहर बैठ गए।
कर्मचारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन है। उन्हें भी आस है कि वर्दियों के पैसे मिलेंगे तो वह खरीददारी करेंगे, लेकिन निगम कमिश्नर उनके पैसों पर कुंडली मार कर बैठ गया है। कर्मचारियों ने कहा कि जो पैसा उन्हें वर्दियों के लिए मिलता है वह उनका हक है, लेकिन नगर निगम कमिश्नर उन्हें उनके हक से भी वंचित रखने की कोशिश कर रहे हैं।
Next Story