
x
न्यू इंद्रा कॉलोनी में नगर निगम कर्मचारी की आत्महत्या से मातम
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में नगर निगम के एक कर्मचारी की आत्महत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी का शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। इसके बाद वह कमरे में चला गया, जहां उसने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
न्यू इंद्रा कॉलोनी में हुई घटना
मृतक की पहचान विशाल के रूप में हुई है। वह नगर निगम में कार्यरत था और न्यू इंद्रा कॉलोनी स्थित एक मकान में अपनी पत्नी और दो साल के बच्चे के साथ रहता था। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात विशाल ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पत्नी के साथ विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों अलग-अलग कमरों में चले गए। शनिवार को पत्नी को लगा कि विशाल अपनी ड्यूटी पर चला गया है। हालांकि, शाम करीब पांच बजे जब वह उसके कमरे के पास पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद घटना का पता चला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही विशाल की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। आईटी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर विशाल को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। विशाल की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में घरेलू विवाद की बात सामने आई है, लेकिन आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
Next Story





