पंजाब

मकलोडगंज-भागसूनाग रोड के आए अच्छे दिन, नाबार्ड बनवाएगा सड़कें और पुल: सुधीर शर्मा

mukeshwari
18 Jun 2023 1:12 PM GMT
मकलोडगंज-भागसूनाग रोड के आए अच्छे दिन, नाबार्ड बनवाएगा सड़कें और पुल: सुधीर शर्मा
x

धर्मशाला। हिमाचल की दूसरी राजधानी धर्मशाला में नाबार्ड के जरिए सडक़ों के अच्छे दिन आ गए हैं। विधायक एवं कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने अपने इस कार्यकाल में राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) से आधा दर्जन सडक़ों एवं पुलों को करोड़ों रुपए मंजूर करवा लिए हैं।

सुधीर शर्मा ने यहां जारी बयान में कहा कि बजट मिलने के बाद अब तेजी से इन सडक़ों का काम शुरू हो जाएगा। इन सडक़ों के बनने से धर्मशाला हलके में पर्यटन को नए पंख लगने जा रहे हैं। मंजूर बजट की बात करें तो मकलोडगंज से भागसूनाग, टऊ, चोला बनगोटू सडक़ को 638 करोड़ का बजट मंजूर हुआ है। इसमें चरान खड्ड पर पुल भी प्रस्तावित है। इस सडक़ की लंबाई 2.27 किलोमीटर होगी। धर्मशाला की जनता लंबे समय से इसका इंतजार कर रही थी।

नाबार्ड से दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट हीरू दुशालन से गमरू चोला सडक़ का है। इसके लिए 551 लाख रुपए से ज्यादा का बजट मंजूर हुआ है। इस 2.60 किलोमीटर लंबे मार्ग का संवर्धन होगा। इसमें भी चरान खड्ड पर पुल बनेगा।

तीसरा बड़ा बजट ग्राम पंचायत कंड करडियाणा का है। इसमें वार्ड चार व पांच के लिए 2.11 किलोमीटर सडक़ का निर्माण होगा। इस सडक़ के लिए 231 लाख रुपए मंजूर हुए हैं। इससे हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी।

सुधीर शर्मा ने बताया कि पंचायत बाहल के लिए 3.4 किलोमीटर लंबी सडक़ बनेगी। इस लिंक रोड पर 953 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके लिए भी नाबार्ड से बजट मंजूर हो चुका है। उन्होंने कहा कि इन सडक़ों के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इन पर तेजी से काम शरू हो जाएगा।

नड्डी से धर्मकोट का सफर होगा सुहानाः

सुधीर शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नड्डी और धर्मकोट के लिए बेहतर सडक़ उनका सपना रहा है। इन दोनों क्षेत्रों में दुनिया भर से सैलानी आते हैं। धर्मकोट से नड्डी के लिए बनने वाली सडक़ के लिए नाबार्ड से 360 लाख से ज्यादा की रकम मंजूर हुई है। इस सडक़ की लंबाई 2.46 किलोमीटर होगी। इस सडक़ को उच्च मानदंडों पर बनाया जाएगा।

टूरिज्म से खुलेंगे रोजगार के द्वारः

सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में कई पर्यटक स्थलों के लिए सडक़ की दिक्कत रही है। अब इन मार्गों के बनने से दुनिया भर के सैलानी देश-विदेश में धर्मशाला को लेकर अच्छा संदेश लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश का समग्र विकास कर रही है।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story