
x
Punjab पंजाब। पंजाब पुलिस ने डबल मर्डर मामले में वांछित आरोपी अमृतपाल डालम को विदेश से प्रत्यर्पण कर भारत लाने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस मामले में फरार चल रहा था।
होशियारपुर के DSP परनीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अमृतपाल डालम डबल मर्डर केस में वांछित था। उसे विदेश से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत भारत लाया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। DSP ने बताया कि आरोपी अमृतपाल डालम गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का सहयोगी बताया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी मामले की जांच में महत्वपूर्ण कदम है। उससे पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है। होशियारपुर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि पंजाब में गैंगस्टर गतिविधियों और संगठित अपराध पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। विदेश में छिपे आरोपियों को वापस लाने के लिए भी कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल अमृतपाल डालम पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर करेगी।
Next Story





