पंजाब

Ludhiana: पुलिस हिरासत में हवालाती ने फंदे से लटककर जान दी, जांच में जुटी पुलिस

Admindelhi1
21 Aug 2026 9:16 AM IST
Ludhiana: पुलिस हिरासत में हवालाती ने फंदे से लटककर जान दी, जांच में जुटी पुलिस
x
हिरासत में हवालाती की मौत से मचा हड़कंप, जेल प्रशासन में भी हलचल

लुधियाना: थाना लाडोवाल की हवालात में बंद एक आरोपित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका मिला। उसे दो दिन पहले नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

थाना लाडोवाल के इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह के मुताबिक बलबीर सिंह को 10 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था और अदालत से उसका पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। गुरूवार को उसे मामले में रिकवरी के लिए ले जाने की तैयारी थी। सुबह करीब आठ बजे तक बलबीर सिंह सामान्य स्थिति में था। कुछ समय बाद जब एक पुलिसकर्मी उसे नहाने के लिए हवालात से बाहर बुलाने गया, तो वह फंदे पर लटका मिला। कर्मचारी ने तुरंत अन्य पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

इसके बाद बलबीर सिंह को फंदे से उतारकर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस का दावा है कि हवालाती ने गद्दे की जिप तोड़कर उससे फंदा तैयार किया था। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही होगी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मृतक का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है।

Next Story