
Ludhiana.लुधियाना। बस्ती जोधेवाल के कैलाश नगर निवासी 39 वर्षीय कोरोना संक्रमित मरीज की मौत के बाद वीरवार को उसका बेटा और बेटी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने दो डॉक्टरों की टीम बनाकर बुधवार को मृतक के संपर्क में आए परिवार, रिश्तेदार और दोस्तों समेत 15 लोगों के कोरोना टेस्ट सैंपल लिए। सैंपल में मृतक कोरोना संक्रमित की 19 वर्षीय बेटी और 11 वर्षीय बेटा कोरोना संक्रमित पाए गए जबकि उसकी पत्नी, एक बेटी और बेटे की रिपोर्ट निगेटिव आई।
मृतक के संपर्क में आए भारत चौक स्थित ईएसआईसी अस्पताल के दस डॉक्टर और स्टाफ की रिपोर्ट भी कोरोना निगेटिव आई। हालांकि अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ ने खुद को आइसोलेट कर लिया था। दोनों कोरोना संक्रमितों को घर पर ही आइसोलेट कर दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने बताया कि मृतक कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों समेत 15 लोगों के सैंपल बुधवार को लिए गए थे। वीरवार को आई रिपोर्ट में मृतक की एक बेटी और बेटा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं जो बिना लक्षण वाले थे।





