पंजाब

यूगांडा में आईएस से जुड़े आतंकवादियों ने स्कूल पर किया हमला, 40 की मौत

mukeshwari
17 Jun 2023 3:07 PM GMT
यूगांडा में आईएस से जुड़े आतंकवादियों ने स्कूल पर किया हमला, 40 की मौत
x

कंपाला । यूगांडा में इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़े आंतकवादियों द्वारा एक स्कूल पर किए गए हमले में कम से 40 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में ज्यादातर छात्र हैं। पुलिस ने शनिवार को बताया कि घटना कांगो से लगती सीमा के पास हुई है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला शुक्रवार रात 11.30 बजे मपोंडवे के लुबिरिहा सेकेंडरी स्कूल में हुआ। इसमें एक डॉर्मेटरी में आग लगा दी गई और खाने-पीने के सामान के एक भंडार को लूट लिया गया।

पुलिस ने एक बयान में दावा किया कि यह हमला कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) में स्थित एक यूगांडा समूह एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेस (एडीएफ) द्वारा किया गया था जो मध्य अफ्रीका में आईएस की एक शाखा है।

पुलिस के प्रवक्ता फ्रेड एनागा ने कहा कि यूगांडा का पीपुल्स डिफेंस फोर्स और पुलिस हमला करने वाले उस समूह को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चला रही है जो कांगो में विरुंगा नेशनल पार्क की ओर भाग गया था।

सेना के विमान भी उन्हें पकड़ने के अभियान में शामिल हैं।

एनागा ने कहा कि कई शवों को बवेरा अस्पताल भेज दिया गया है। गंभीर रूप से घायलों का भी वहीं इलाज चल रहा है।

एडीएफ विद्रोही पिछले दो दशकों से कांगो की सीमा से ऑपरेट कर रहे हैं।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, युगांडा की सेना के मेजर जनरल डिक ओलम ने मीडिया को बताया कि कुछ छात्र जल गए या उन्हें काटकर मार डाला गया।

उन्होंने कहा कि अन्य का अपहरण कर लिया गया है जिनमें ज्यादातर लड़कियां हैं।

कहा जाता है कि कुछ शव बुरी तरह से जले हुए हैं और उनकी पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराने की जरूरत होगी।

ताजा घटना संदिग्ध एडीएफ लड़ाकों द्वारा युगांडा सीमा के निकट कांगो के एक गांव पर हमला किए जाने के एक सप्ताह बाद हुई है।

डीआरसी के साथ यूगांडा की सीमा से दो किमी से भी कम दूरी पर स्थित स्कूल पर 25 वर्षो में यह पहला हमला है।

जून 1998 में, कांगो की सीमा के पास किछवम्बा तकनीकी संस्थान पर एडीएफ के हमले में 80 छात्रों को उनकी छात्रावास में जलाकर मार डाला गया था।

100 से अधिक छात्रों का अपहरण कर लिया गया था।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story