
x
Punjab पंजाब सरकार ने मंडी गोबिंदगढ़ की कंपनी 'जगत मेटल्स प्राइवेट लिमिटेड' से जुड़े 22.53 करोड़ रुपये के कथित GST टैक्स चोरी का मामला पकड़ा है, जिसके बाद मौके पर ही 9.5 करोड़ रुपये नकद वसूल किए गए। वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर की गई जांच के बाद कराधान विभाग ने कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की थी।
चीमा ने कहा, "बारीकी से डेटा का विश्लेषण करने पर हमारे कराधान अधिकारियों को पता चला कि कंपनी ने गलत तरीके से लगभग 22.53 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम किया था। हमने पाया कि ये बड़े क्लेम सीधे उन सप्लायर्स से जुड़े थे, जिनका GST रजिस्ट्रेशन संबंधित अधिकारियों द्वारा पहले ही रद्द किया जा चुका था।"
गौरतलब है कि जगत मेटल्स 40 साल पुरानी कंपनी है, जिसकी मंडी गोबिंदगढ़ में लोहा और स्टील की इकाइयां हैं। बिचौलियों ने भारी टैक्स क्रेडिट का दावा किया। चीमा ने कहा कि विभाग की जांच में पाया गया कि सप्लाई चेन में शामिल कई बिचौलिया सप्लायर्स ने भी उन डीलरों से भारी ITC क्लेम किया था, जिनका GST रजिस्ट्रेशन रद्द हो चुका था। इससे लेन-देन की असलियत और सामान की वास्तविक आवाजाही को लेकर चिंताएं पैदा हुईं।
उन्होंने कहा, "हमारे विभाग ने 7 सितंबर को मंडी गोबिंदगढ़ में कंपनी के बिजनेस परिसर में सघन जांच की। जब उन्हें एहसास हुआ कि वे फंस गए हैं, तो कंपनी ने मौके पर ही SGST के तौर पर 9.5 करोड़ रुपये नकद जमा कर दिए।" चीमा ने कहा कि विभाग संदिग्ध फर्जी बिलिंग नेटवर्क की पहचान करने के लिए डेटा एनालिटिक्स और टेक्नोलॉजी-आधारित जांच का इस्तेमाल कर रहा है।
Next Story





