
Punjab: जिला पुलिस ने नवजात शिशुओं को बेचने और मानव तस्करी में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार महिलाओं, एक आशा वर्कर और कोलकाता निवासी एक व्यक्ति समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक नवजात शिशु और चार लाख रुपये बरामद किए हैं। आज यहां मीडिया को संबोधित करते हुए जिला पुलिस प्रमुख शुभम अग्रवाल ने बताया कि 27 जून को पुलिस को सूचना मिली थी कि 23 जून को मंडी गोबिंदगढ़ के दीप अस्पताल में एक महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था, जो लापता हो गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 27 जून को मंडी गोबिंदगढ़ थाने में मामला दर्ज किया और एसपी (डी) राकेश कुमार यादव और डीएसपी अमलोह गुरदीप सिंह और मंडी गोबिंदगढ़ एसएचओ मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि एसआईटी ने तलजिंदर सिंह, कमलेश कौर, भीम सिंह, दाई चरण कौर और अमनदीप कौर को गिरफ्तार करके मामले को सुलझाने में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला कि चरण, कमलेश और अमनदीप ने बच्चे को रूपिंदर कौर और बेअंत सिंह को 4 लाख रुपये में बेच दिया और वे नवजात को कोलकाता ले गए। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम कोलकाता भेजी गई, जिसने रूपिंदर, बेअंत और कोलकाता निवासी प्रशांत पाराशर को गिरफ्तार कर लिया।





