पंजाब
लगा पेट्रोल-डीजल का फ्री लंगर, वाहनों की लगी लंबी कतारें
jantaserishta.com
25 Nov 2026 2:13 PM IST

x
उमड़ी भीड़.
लुधियाना: लुधियाना में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) के पावन अवसर पर लुधियाना में सेवा की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली. यहां ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल का फ्री लंगर लगाया गया. इस दौरान वाहन चालकों को बिना किसी शुल्क के 300 रुपये तक का पेट्रोल-डीजल दिया गया और लोगों ने अपनी गाड़ियों की टंकियां में तेल डलवाया. फ्री तेल की खबर फैलते ही पंप पर वाहनों की लंबी कतारें और भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
यह अनोखी सेवा शहर के रहने वाले पंकज कुमार की ओर से की गई. पहले यह सेवा 1 घंटे के लिए तय की गई थी. लेकिन लोगों के भारी उत्साह और भीड़ को देखते हुए इसे बढ़ाकर डेढ़ से दो घंटे तक चलाया गया. पंकज कुमार ने बताया कि वे हर साल अपनी कमाई के दसवंध से करीब 50 से 60 हजार रुपए की सेवा करते हैं.
डेढ़ घंटे तक लगातार फ्री पेट्रोल-डीजल बांटने के बाद एक बार सेवा समाप्त कर दी गई थी. लेकिन हिसाब करने पर पता चला कि 60 हजार रुपए के तय बजट में से कुछ पैसे अभी बचे हुए हैं. इसके बाद पंकज कुमार ने तुरंत दोबारा सेवा शुरू करवा दी और बची हुई राशि का भी लोगों को फ्री पेट्रोल डलवाया.
सेवादार पंकज कुमार ने कहा कि यह सब श्री गुरु नानक देव जी के उस 20 रुपए के सच्चे सौदे की देन है, जो आज भी चल रहा है और कभी खत्म नहीं होता. उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी आपस में प्यार और मिलजुल कर रहें गुरुपर्व पर गुरुद्वारा साहिब जाकर मत्था टेकें और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें.
वहीं पेट्रोल पंप के मालिक अज्जू ने पंकज कुमार के इस कदम की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि यह वाहेगुरु की कृपा है कि इस नेक कार्य के लिए उनके पंप को चुना गया. आज के दौर में अपनी जेब से पैसे निकालकर इंसानियत की सेवा करना एक बड़ी मिसाल है, वो भी बिना अपनी मशहूरी करवाये. उन्होंने पंकज कुमार और उनके परिवार की अच्छी सेहत लंबी उम्र और तरक्की की कामना की.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





