पंजाब

अरब देशों में फंसी चार लड़कियां वतन लौटीं

Manish Sahu
21 Aug 2023 12:35 AM IST
अरब देशों में फंसी चार लड़कियां वतन लौटीं
x
पंजाब: राज्यसभा सदस्य एवं पर्यावरणविद संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयासों से अरब देशों में फंसी चार लड़कियों को वापस लाया गया। बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि तीन लड़कियों को इराक और एक लड़की को मस्कट से वापस लाया गया है। इनमें तीन लड़कियां जालंधर और एक कपूरथला की है। ट्रेवल एजेंट और खासकर पीड़ितों के रिश्तेदार उन्हें फंसा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एजेंट गरीब वर्ग की लड़कियों को निशाना बना रहे हैं। संत सीचेवाल ने इराक और मस्कट में भारतीय दूतावासों को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने इन लड़कियों की शीघ्र पहचान करने और उन्हें वापस भेजने में बड़ी भूमिका निभाई है।
तीनों लड़कियों ने बताया कि वे मई, जून और जुलाई माह में ईराक गई थीं। कहा कि ईराक पहुंचते ही उनके पासपोर्ट छीन लिए गए। कई दिनों तक उन्हें खाना नहीं दिया जाता था और पीटा जाता था। इन लड़कियों ने कहा कि वे अपने घर की गरीबी दूर करने का सपना लेकर घर से निकली थीं।
लेकिन वहां पहुंचने पर उनके सपने तब टूट गए जब उन्हें पता चला कि उन्हें वहां ट्रेवल एजेंटों ने बेच दिया है। लड़कियों ने बताया कि जहां उनके साथ मारपीट की गई, वहीं उनसे गलत काम में भी धकेलने की कोशिश की गई। मस्कट से वापस आई लड़की ने कहा कि उसे भी वहां के ट्रैवल एजेंट ने फंसा लिया था।
वहां पहुंचते ही उनकी तबीयत खराब हो गई, लेकिन फिर भी एजेंट की तरफ से जबरदस्ती उसे घरों में काम करने के लिए मजबूर किया।
Next Story