पंजाब

गड्ढे में डूबने से चार और पांच साल की बच्चियों की मौत, परिवार में शोक

Saba Naaz
28 Jun 2025 8:13 PM IST
गड्ढे में डूबने से चार और पांच साल की बच्चियों की मौत, परिवार में शोक
x
Ferozepur फिरोजपुर : फिरोजपुर के गांव खलचियां जदीद में ईंट भट्ठा के पास पानी से भरे गड्ढे में गिरने से दो बच्चियों (पांच साल और चार साल) की मौत हो गई। ईंट भट्ठे के आसपास उसके मालिक ने जेसीबी मशीन से गड्ढे खुदवाए थे, जबकि गांव के लोगों ने मना भी किया था।
थाना सदर पुलिस ने शनिवार दोनों बच्चियों के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित काला वासी गांव खलचियां जदीद ने बताया कि उसकी बेटी मनप्रीत (5) व रिश्तेदार की बेटी परी (4) पुत्री लाडी दोनों खेल रही थी। वे लोग गांव में ही ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे। ईंट भट्ठे के मालिक ने भट्ठे के आसपास जेबीसी मशीन से गड्ढे खुदवाए थे। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर गया।
दोनों बच्चियां खेलते-खेलते पांव फिसलने से गड्ढे में गिर गईं। पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। गड्ढे की गहराई लगभग आठ फीट गहरी थी। काला ने कहा कि इस संबंधी पुलिस से शिकायत की है। उसने अनुसूचित जाति कमीशन से मांग की है कि उन्हें इंसाफ दिलवाया जाए। उन्हें प्रभावी लोग दबाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। उसके बाद परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
दूसरी तरफ, ईंट भट्ठा मालिक राजकुमार का कहना है कि यह हादसा अचानक हुआ है। उसने तो गांव का जो पानी उसके भट्ठे की तरफ आकर ईंटों को खराब करता था, उसे रोकने के लिए भट्ठे के आसपास जेसीबी से गड्ढे खोदे थे। बारिश के पानी से गड्ढे भर जाने से यह हादसा हुआ है। उसे भी दुख है और वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
Next Story