पंजाब

चार आरोपी सात दिन के पुलिस रिमांड पर, लॉरेंस को अमृतसर कोर्ट लेकर आई पंजाब पुलिस

Admin4
6 July 2022 4:11 PM IST
चार आरोपी सात दिन के पुलिस रिमांड पर, लॉरेंस को अमृतसर कोर्ट लेकर आई पंजाब पुलिस
x

सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपियों का ट्रांजिट रिमांड देते समय कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि आरोपियों की मेडिकल जांच सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाए।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी शूटर प्रियव्रत फौजी, केशव, कशिश व दीपक को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मंगलवार सुबह करीब चार बजे पुलिस मानसा पहुंची। जहां सिविल अस्पताल से मेडिकल करवाने के बाद दोपहर को उन्हें मानसा की अदालत में पेश किया गया जहां से सभी को 13 जुलाई तक रिमांड पर भेज दिया है।

इन चारों को मानसा के सीआईए स्टाफ में रखा गया है। यहां पहले से ही गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि इन शूटरों को खरड़ ले जाकर लॉरेंस बिश्नोई के सामने बिठाकर पूछताछ भी की जाएगी। जग्गू भगवानपुरिया का छह जुलाई को रिमांड खत्म करने के बाद उसे फिर अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में मानसा पुलिस ने अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है।

बताया जा रहा है कि प्रियव्रत फौजी, केशव, कशिश, दीपक सिद्धू मूसेवाला पर गोलियां चलाकर फरार हो गए थे। उनका अन्य साथी अजय अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। प्रियव्रत फौजी व कशिश हरियाणा के निवासी हैं। केशव बठिंडा का रहने वाला है। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सबसे पहले प्रियव्रत फौजी व कशिश को गुजरात के कच्छ और मुंद्रा पोर्ट से गिरफ्तार किया था। सोमवार को दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के कश्मीरी गेट क्षेत्र से 19 साल के शूटर अंकित सेरसा को भी काबू किया है। इसके साथ ही शूटरों की मदद करने वाले सचिन भिवानी को पकड़ लिया गया है।


Next Story