पंजाब

भारतीय जनता पार्टी के लिए जो हमारे विकास कार्य वहीं हमारे तीर्थ हैं : गृह मंत्री अनिल विज

mukeshwari
16 Jun 2023 4:15 PM GMT
भारतीय जनता पार्टी के लिए जो हमारे विकास कार्य वहीं हमारे तीर्थ हैं : गृह मंत्री अनिल विज
x

चंडीगढ़। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास की राजनीति करती है। लोग तीर्थ यात्रा करते हैं, मगर भारतीय जनता पार्टी के लिए जो हमारे विकास कार्य वहीं हमारे तीर्थ हैं। इसी को लेकर पार्टी द्वारा देशभर में विकास तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

विज ने कहा कि इसी क्रम में अम्बाला छावनी में शुक्रवार को विकास तीर्थ यात्रा का आयोजन कर यहां हुए प्रमुख कार्यों का अवलोकन कार्यकर्ताओं के साथ किया गया है। यात्रा के माध्यम से जो विकास कार्य हुए है उसकी जानकारी कार्यकर्ताओं व अन्य को उस स्थान पर जाकर दी जा रही है। उन्होने कहा अम्बाला छावनी में विकास के अनगिनत कार्य हुए हैं, मगर आज प्रमुख कार्यों का ही अवलोकन किया जा रहा है।

हजारों कार्यकर्ताओं के साथ गृह मंत्री अनिल विज ने विकास तीर्थ यात्रा की शुरूआत 1857 की क्रांति के शहीदों को समर्पित शहीदी स्मारक से से की। इसके उपरांत घसीटपुर में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, जीटी रोड पर अनाज मंडी, एसडीएम लघु सचिवालय, वार हीरोज मैमोरियल स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का फीफा एप्रूव्ड फुटबाल स्टेडियम, आल वैदर स्वीमिंग पुल, जिम्नास्टिक हाल, स्पोर्टस होस्टल, मल्टी लेवल पार्किंग, निर्माणाधीन बैंक स्क्वेयर कम शॉपिंग मॉल व फायर ब्रिगेड भवन, नागरिक अस्पताल अम्बाला छावनी, रामपुर सरसेहड़ी में होम्योपैथिक कॉलेज, बब्याल में चंदपुरा पुल, बब्याल में सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट व नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क सहित अन्य विकास कार्यों का जायजा लेते हुए कार्यकर्ताओं को इन विकास परियोजनाओं बारे अवगत करवाया।

550 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रही शहीद स्मारक, कार्यकर्ताओं सहित मंत्री विज ने अवलोकन किया

गृह मंत्री अनिल विज ने शहीद स्मारक का अवलोकन करते हुए बताया कि अम्बाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर 22 एकड़ में 550 करोड़ रुपये की लागत से शहीदी स्मारक बन रहा है। सिविल वर्क लगभग पूरा होने वाला है जबकि 149 करोड़ रुपये की लागत से इंटीरियर वर्क के टैंडर 20 जून को अलॉट होंगे। वीडियो के माध्यम से स्क्रीन पर भविष्य में तैयार होने वाले शहीद स्मारक के दृश्य को प्रदर्शित भी किया गया। गृह मंत्री ने बताया कि यहां पर 70 फुट ऊंचा कमल का फूल बनेगा और यहां पर इस कार्य के दृष्टिगत जो प्लेट एवं पत्ते लगेंगे वह फ्रांस से मंगवाए गए हैं।

उनका पूरा प्रयास रहेगा कि इस भव्य शहीदी स्मारक का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के हाथों हो। शहीद स्मारक हिन्दुस्तान का सबसे बेहतरीन स्मारक होगा, जिसमें आजादी के अनसंग हीरोज के बलिदानों बारे सम्पूर्ण जानकारी दी जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस स्मारक में तीन चरणों में आजादी की लड़ाई से सम्बन्धित जो घटनाएं एवं इतिहास है, उसे दर्शाया जाएगा।

ट्रीटमेंट प्लांट से हो रही अम्बाला छावनी को पेयजल आपूर्ति, जल्द क्षमता में इजाफा होगा : अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि घसीटपुर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन करते हुए कार्यकर्ताओं को बताया कि पुराना प्लांट 20 एमएलडी की क्षमता का है और नगर परिषद द्वारा 30 एमएलडी का नया वाटर प्लांट बनाया जा रहा है। इसके अलावा 18 किलोमीटर दूर अद्दोमाजरा से नई पानी की पाईप लाईन बिछाकर यहां पर पानी लाने का काम किया जा रहा है। इसके उपरांत यहां बुस्टरों के माध्यम से लोगों के घर तक बिना मोटर 20 फुट ऊंची टंकी पर पानी पहुंचेगा। उन्होने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वह इन दोनों प्लांटो के साथ जोडें ताकि यदि किसी एक प्लांट में कोई तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर दूसरे प्लांट से पेयजल आपूर्ति हो सके।

अनाज मंडी में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया

गृहमंत्री अनिल विज ने विकास तीर्थ यात्रा कार्यक्रम के तहत जीटी रोड पर स्थापित अनाज मंडी का भी कार्यकर्ताओं के साथ अवलोकन किया और उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि यहां पर अनाज मंडी के साथ-साथ चारा मंडी भी बनाई गई है। बकायदा किसान भवन के साथ-साथ मंडी में सभी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। पहले अम्बाला छावनी के बाजार में छोटी सी मंडी स्थापित थी जिसके चलते आढ़तियों व लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। पुरानी अनाज मंडी में जितना अनाज आता था, आज उतना ही अनाज नई अनाज मंडी एक आढ़ती के पास आता है।

उन्होंने बताया कि यहां पास में नन्हेड़ा व घसीटपुर में रेलवे पुल का निर्माण, घसीटपुर के नजदीक नवनिर्मित सडक का निर्माण किया जा रहा है। शाहपुर में अंडर रेलवे ब्रिज, मच्छौंडा में पुल का तथा शास्त्री कालोनी में पुल का निर्माण कार्य करवाया गया है।

स्टेडियम में खेल की विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध : मंत्री अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने लघु सचिवालय का अवलोकन किया जिसके बाद वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में अवलोकन किया। यहां उन्होंने फीफा से एप्रूव्ड फुटबाल स्टेडियम, आल वैदर स्वीमिंग पुल, जिम्नास्टिक हाल का भी जायजा लिया और जानकारी दी कि अम्बाला शुरू से ही खेलों का सेंटर रहा है। उन्होंने यहां अपने प्रयासों से खेल सुविधाओं में इजाफा कराया और यहां विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध हैं। इसी तरह ब्वॉयज स्पोर्टस होस्टल में 200 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था है। यहां टेबल टेनिस रूम, रैसलिंग रूम, ताई कवांडो रूम, डैनिंग टेबल, किचन रूम के साथ-साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मल्टी लेवल कार पार्किंग से जाम से निजात मिलेगी : मंत्री विज

गृह मंत्री अनिल विज ने इसके उपरांत मल्टी लेवल कार पार्किंग का अवलोकन किया और बताया कि इसके बनने के बाद कार पार्किंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। लोग यहां पर अपनी गाडियों को पार्क करके सुगमता से बाजारों में खरीदारी कर सकेंगे। इसके उपरांत गृहमंत्री ने गोल चक्कर के नजदीक बैंक स्कवेयर कम शॉपिंग मॉल का भी जायजा लिया और बताया कि सभी बैंक यहां पर स्थापित होंगे। एक ही छत के नीचे सभी बैंक आने से लोगों को काफी सुविधा होगी। गृहमंत्री ने अग्निशमन भवन का भी जायजा लिया और बताया कि कर्मचारी व अधिकारी होंगे उनके लिए नजदीक आवास भी बनाए जायेंगे।

कैंसर सेंटर में हजारों मरीजों की पंजीकरण हुआ, सीएमओ ने मंत्री विज को जानकारी दी

इसके उपरांत गृहमंत्री ने उत्तर भारत के सबसे बेहतरीन आत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त नागरिक अस्पताल अम्बाला छावनी, अटल कैंसर केयर सैंटर के बारे भी कार्यकर्ताओं व अन्य को जानकारी दी और बताया कि इस नागरिक अस्पताल में सभी आत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। नागरिक अस्पताल बनने से अम्बाला के लोगों के साथ-साथ दूर-दराज के लोगों को सुविधाएं मिल रही हैं। सिविल सर्जन डा0 कुलदीप सिंह ने इस सौगात को दिए जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं डाक्टरो की ओर से उनका धन्यवाद किया और बताया कि अटल कैंसर केयर सैंटर में लगभग 20 हजार मरीजों का पंजीकरण हो चुका है, उनमें से 2500 मरीजों को दाखिल करके तथा 3 हजार के करीब रेडियोग्राफी की गई है तथा 300 से अधिक कैंसर बीमारी से सम्बन्धित ऑप्रेशन भी हो चुके हैं।

अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं के साथ अवलोकन किया

गृहमंत्री अनिल विज ने विकास तीर्थ यात्रा के क्रम में रामपुर सरसेहड़ी में बनाए जा रहे होम्योपैथिक मैडिकल कालेज, बब्याल में चंदपुरा पुल, बब्याल में ही सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क का भी कार्यकर्ताओं के साथ अवलोकन किया और सुभाष पार्क में यात्रा का समापन किया।

यह लोग उपस्थित रहे

यात्रा के दौरान कैंट एसडीएम सतिन्द्र सिवाच, आरटीए सुशील कुमार, डीएसपी आशीष चौधरी, भाजपा जिला प्रधान राजेश बतौरा, मंडल प्रधान राजीव डिम्पल, किरण पाल चौहान, अजय पराशर, संजीव वालिया, सुरेन्द्र तिवारी, शैली खन्ना, विपिन खन्ना, बिजेन्द्र चौहान, बीएस बिन्द्रा, अजय बवेजा, बलकेश वत्स, अभिकांत वत्स, अनिल कौशल, ढिल्लों जी, सुदर्शन सहगल, बलविन्द्र सिंह शाहपुर, जसबीर जस्सी, राम बाबु यादव, रवि सहगल, ललित चौधरी, रवि चौधरी, ललिता प्रसाद, मनीष आनंद, रवि सहगल, सतपाल ढल, बिजेन्द्र चौहान, पुनीत सरपाल, नीलम शर्मा, आशीष तायल, प्रेम राणा, मंडी सचिव नीरज भारद्वाज, नगर परिषद के सचिव राजेश कुमार के साथ-साथ भारी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story