Ferozepur: फिरोजपुर में बीएसएफ और सीआई का ऑपरेशन, भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद

फिरोजपुर: काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान में नशा तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। टीम ने फिरोजपुर के गांव गजनीवाला के सीमावर्ती क्षेत्र से 44.5 किलोग्राम हेरोइन और 3 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (आईसीई ड्रग) की बड़ी खेप बरामद की है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) काउंटर इंटेलिजेंस आशीष चौधरी ने बताया कि गजनीवाला क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट ड्रोन गतिविधि के संबंध में विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए फिरोजपुर जिले की पुलिस टीमों ने तुरंत बीएसएफ के साथ जानकारी साझा की और संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा, आसपास के खेतों की पूरी तरह तलाशी लेने पर पुलिस और बीएसएफ की टीमों ने गजनीवाला क्षेत्र से हेरोइन और आईसीई ड्रग की खेप बरामद की।
आईजीपी ने बताया कि खेप भेजने वाले तस्करों और उनके भारतीय सहयोगियों, जिन्हें यह खेप प्राप्त करनी थी, की पहचान करने के लिए जांच जारी है। इस संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), फाजिल्का में एफआईआर दर्ज की गई है।





