पंजाब

ED ने विजिलेंस से मांगा सोनी का रिकॉर्ड; आय से अधिक संपत्ति केस की चल रही जांच

SANTOSI TANDI
8 Aug 2023 8:43 AM GMT
ED ने विजिलेंस से मांगा सोनी का रिकॉर्ड; आय से अधिक संपत्ति केस की चल रही जांच
x
संपत्ति केस की चल रही जांच
पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी के खिलाफ चल रही विजिलेंस की जांच में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एंट्री हो गई है। ED ने ओपी सोनी से जुड़ी जांच और दस्तावेजों का रिकॉर्ड विजिलेंस से मांग लिया है। हालांकि विजिलेंस का कोई भी अधिकारी इस पर सीधे तौर पर बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन कोई इनकार भी नहीं कर रहा।
गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति मामले में बीती 9 जुलाई को विजिलेंस ने ओपी सोनी को उनके घर से गिरफ्तार किया था। विजिलेंस ने पहली बार उन्हें 25 नवंबर 2022 को तलब किया था। करीब 8 महीने तक जांच के बाद अमृतसर के विजिलेंस ऑफिस में FIR दर्ज की गई। एंटी करप्शन एक्ट में केस दर्ज होने के तुरंत बाद उन्हें अरेस्ट कर लिया गया।
1 अप्रैल 2016 से 31 मार्च 2022 तक पूर्व डिप्टी सीएम सोनी और उनके परिवार की आय 4.52 करोड़ रुपए थी, जबकि खर्च 12.48 करोड़ रुपए था। उनका खर्च आय के अज्ञात सोर्स से 7.96 करोड़ रुपए ज्यादा था। इस दौरान सोनी ने अपनी पत्नी सुमन सोनी और बेटे राघव सोनी के नाम पर संपत्तियां खरीदीं।
पांच बार के विधायक हैं ओपी सोनी
2021 में कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे और चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद ओपी सोनी को उप मुख्यमंत्री का पद दिया गया था। ओपी सोनी 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 में पंजाब विधानसभा के चुनाव जीत चुके हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में सोनी ने अमृतसर सेंट्रल सीट से भाजपा के तरुण चुग को 21 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।
वे 1991 में अमृतसर के पहले मेयर बने थे। वे पंजाब कांग्रेस पब्लिक कमेटी के महासचिव और दो वर्ष तक ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर के चेयरमैन भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे विधानसभा में पब्लिक अकाउंट कमेटी के सदस्य और 2017-18 में पंजाब विधानसभा के लोकल बॉडीज और कमेटी ऑन पब्लिक अंडरटेकिंग्स के भी चेयरमैन रह चुके हैं।
Next Story