पंजाब

डॉ. बलवीर सिंह बोले पटियाला आयुर्वेद कॉलेज के स्टाफ जल्द ही रेगुलर होंगे

Shreya
8 July 2023 3:57 AM GMT
डॉ. बलवीर सिंह बोले पटियाला आयुर्वेद कॉलेज के स्टाफ जल्द ही रेगुलर होंगे
x

पटियाला। पटियाला के सरकारी आयुर्वेद कॉलेज के स्टाफ को बहुत जल्द रेगुलर किया जाएगा। मेडीकल शिक्षा और अनुसंधान मंत्री डा. बलबीर सिंह ने यह जानकारी दी।

योग्यता और नियमों अनुसार कॉलेज स्टाफ को तरक्की देने के निर्देश देते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि चाहे नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसन (एनसीआईएसएम) ने आयुर्वेद कॉलेज को बंद करने के लिए कहा था। परन्तु मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार ने कॉलेज को न सिर्फ़ खुला रखा बल्कि कॉलेज स्टाफ को रेगुलर करने का भी फ़ैसला किया है। यहाँ एक फार्मेसी और अस्पताल की सुविधा भी शुरू की जा रही है।

इस दौरान मेडीकल शिक्षा और अनुसंधान मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने सरकारी मेडिकल कॉलेज और सरकारी डेंटल कॉलेज का भी दौरा किया। इन तीनों प्रतिष्ठित मेडीकल संस्थाओं के कामकाज को और बेहतर बनाने के मद्देनजऱ स्टाफ और विद्यार्थियों के सुझाव भी लिए।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पटियाला के इन सभी सरकारी कॉलेजों को देश के अग्रणी मेडीकल कॉलेजों में तबदील किया जाएगा। इसके लिए पंजाब सरकार ने एक रणनीतिक योजना बनायी है। उन्होंने फेकल्टी और विद्यार्थियों को यह भी भरोसा दिया कि पंजाब सरकार जल्द ही डेंटल कॉलेज में पदों का इश्तिहार देने जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य को रंगला पंजाब बनाने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े स्तर पर सुधार लाए जा रहे हैं। पंजाब सरकार राज्य में अत्याधुनिक सेहत सहूलतों को यकीनी बनाने के लिए पूरी तनदेही के साथ यत्नशील है।

डॉ. बलबीर सिंह ने पुरानी गायनी इमारत को गिराकर 150 करोड़ रुपए की लागत के साथ बनने वाले नये ट्रोमा सेंटर की निर्माण योजना का जायज़ा लेते हुए कहा कि यह सरकारी राजिन्दरा अस्पताल में सेहत सहूलतों के लिए वरदान साबित होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने लडक़ों और लड़कियों के होस्टलों, फेकल्टी हाऊस और इंस्टीट्यूट की इमारत का भी जायज़ा लिया और अधिकारियों को ज़मीनी कामों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए। इससे पहले डा: बलबीर सिंह ने सरकारी मेडीकल कॉलेज को देश के अग्रणी मेडीकल कॉलेजों में शुमार करने के लिए बनाई गई योजना को लागू करने के लिए सीनियर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय मीटिंग की। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि चारों संस्थानों में फेकल्टी की तरक्कियाँ भी जारी हैं। उन्होंने कहा कि समूची व्यवस्था को पारदर्शी और कुशल बनाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।

Next Story