
x
Chandigarh चंडीगढ़ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब में खेतिहर मजदूर गुलज़ार सिंह की मौत को लेकर AAP सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नाकामियों पर सवाल उठाने वालों को डराने-धमकाने का एक "खतरनाक पैटर्न" चल रहा है।
उन्होंने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के तुरंत इस्तीफे और गुलज़ार की मौत के हालात की निष्पक्ष जांच की मांग की। राहुल ने इस मामले में दर्ज FIR में चीमा का नाम शामिल करने की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि गुलज़ार ने अपने बेटे को नशे की लत का शिकार होते देखा था और पंजाब में नशीले पदार्थों के कारोबार को रोकने में सरकार की नाकामी को लेकर वित्त मंत्री से सवाल किया था। राहुल के मुताबिक, इसके बाद गुलज़ार को अपमानित और परेशान किया गया और माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया, जिससे तंग आकर उन्होंने अपनी जान दे दी। राहुल ने आरोप लगाया, "पंजाब की AAP सरकार एक खतरनाक पैटर्न दिखा रही है: सरकार की नाकामियों पर सवाल उठाओ, तो जवाब में धमकियां और टॉर्चर मिलता है।"
वहीं, AAP के वरिष्ठ नेता और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बुधवार को राहुल पर पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करने के बजाय एक दुखद घटना का राजनीतिकरण कर रहे हैं। गोयल ने मीडियाकर्मियों से कहा, "राहुल गांधी ने नशीले पदार्थों और उनके खिलाफ कार्रवाई की बात की है, लेकिन मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि अगर पंजाब में नशे की समस्या के खिलाफ किसी सरकार ने निर्णायक कार्रवाई की है, तो वह AAP सरकार है। आपकी पार्टी 2017 में चार हफ्तों के भीतर नशे को खत्म करने का वादा करके सत्ता में आई थी। आप पांच साल तक सरकार में रहे। उस दौरान आपने क्या किया?"
Next Story





