पंजाब

भारी बारिश के कारण टूटा बाँध

Harrison
7 July 2023 9:11 AM GMT
भारी बारिश के कारण टूटा बाँध
x
तरनतारन | लोकसभा हलका खडूर साहिब के अधीन आते ब्यास दरिया क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों की करीब 3000 एकड़ फसल बांध टूटने के कारण नष्ट हो चुकी है। अब पीड़ित किसानों में राज्य सरकार के खिलाफ भारी रोष पाया जा रहा है। नष्ट फसल के मुआवजे के लिए पीड़ित किसान राज्य सरकार से मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र के अधीन आते दर्जनों गांवों की फसल हर साल पानी की चपेट में आने के कारण नष्ट हो जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए अब तक किसी भी सरकार द्वारा कोई प्रयास नहीं किया गया।बलराज सिंह निवासी घड़का ने बताया कि उसकी 20 एकड़ जमीन में लगी फसल को ब्यास दरिया के पानी के कारण काफी नुक्सान पहुंचा है। इसी तरह नरिंदर सिंह निवासी घड़का ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी उसकी 20 एकड़ धान की फसल पानी की चपेट में आने के कारण नष्ट हो चुकी है।
किसान निर्मल सिंह ने कहा कि गांव घड़का, किशनपुरा के साथ लगते करीब आधा दर्जन गांवों की करीब 3 हजार एकड़ फसल बुरी तरह से नष्ट हो चुकी है। ग्रामीणों द्वारा अपने तौर पर पैसे एकत्र करते हुए बांध को पक्का करने की कोशिश की गई थी, परंतु पानी का बहाव तेज होने के कारण बांध टूट गया। पानी की चपेट में आने से कुछ मशीनों का भी नुक्सान हुआ है। किसानों ने मुख्यमंत्री मान से मांग है कि सभी पीड़ित किसानों को फसल के नुक्सान का मुआवजा दिया जाए। उधर, डी.सी. बलदीप कौर ने कहा कि उनके द्वारा फसल के नुक्सान संबंधित एस.डी.एम. को जांच करने के आदेश जारी किए जा रहे हैं। पीड़ित किसानों को बनता मुआवजा जरूर दिया जाएगा।
Next Story