पंजाब

Chandigarh: AK-47 सहित दो तस्कर अमृतसर से काबू

Admindelhi1
15 March 2026 11:50 AM IST
Chandigarh: AK-47 सहित दो तस्कर अमृतसर से काबू
x

चंडीगढ़: अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर आईएसआई की सहायता प्राप्त सीमा-पार से हथियारों की तस्करी करने वाले और आतंकवादी माड्यूल का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के पास से चार अत्याधुनिक हथियार, जिनमें दो मैगज़ीन और 36 जिंदा कारतूस समेत ए के -47 राइफल शामिल है, बरामद किए हैं। यह जानकारी शनिवार काे पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरसेवक सिंह उर्फ सूरज निवासी नई आबादी, अटारी, अमृतसर और अमरजीत सिंह उर्फ रोहित निवासी सुभाष रोड छेहरटा, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से ए के -47 राइफल बरामद करने के अलावा तीन अत्याधुनिक 9एमएम ग्लोक पिस्टल भी बरामद किए हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार उक्त आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि यह माड्यूल कट्टरपंथी गतिविधियों और भारत-विरोधी तथा पुलिस-विरोधी बयानों को फैलाने जैसी गतिविधियों में भी शामिल था। डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए इस मामले में पिछले-पिछले संबंधों की जांच की जा रही है।

ऑपरेशन के विवरण साझा करते हुए सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) अमृतसर ग्रामीण सुहेल कासिम मीर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना घरिंडा की टीमों ने गांव मुहावा से दो संदेहियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियारों की खेप, जिसमें ए के -47 समेत गोलियाँ और तीन ग्लोक पिस्टल शामिल हैं, बरामद की। एसएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि हथियारों की यह खेप पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के उद्देश्य से माड्यूल के विदेशी हैंडलरों द्वारा पाकिस्तान के रास्तों से भेजी गई थी।

Next Story