पंजाब

चंडीगढ़: फिरोजपुर में गोली मारकर दो सगे भाइयों की हत्या, अन्य 3 घायल

Teja
2 Nov 2021 3:48 PM GMT
चंडीगढ़: फिरोजपुर में गोली मारकर दो सगे भाइयों की हत्या, अन्य 3 घायल
x

फाइल फोटो 

पढ़े पूरी खबर

जनता से रिस्ता वेबडेसक | फिरोजपुर के सीमांत गांव बारेके में पौने दो कनाल जमीन के विवाद में दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ चली गोलियों में दो सगे भाइयों की मौत हो गई है। वहीं तीन लोग गंभीर जख्मी हो गए। तीनों जख्मी को स्थानीय सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां दो की नाजुक हालत देख फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

तीसरे को फिरोजपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उक्त वारदात मंगलवार सुबह की है। पुलिस के मुताबिक गांव बारेके निवासी बख्शीश सिंह और काबल सिंह पुत्र महिंदर सिंह का गांव के किसी व्यक्ति संग पौने दो कनाल जमीन को लेकर पुराना विवाद था।

पीड़ित परिवार अदालत में केस जीत चुका है। केस जीतने के बाद उक्त जमीन पर पीड़ित परिवार ने कब्जा कर लिया था। इसी बात पर मंगलवार सुबह आरोपियों ने बख्शीश और काबल के घर पर हमला बोल दिया। विवाद ज्यादा बढ़ता देख आरोपियों ने ताबड़तोड़ गोलियां दागना शुरू कर दी।

बख्शीश और काबल की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। गोली लगने से गुरदीप सिंह पुत्र जगतार सिंह, जरनैल सिंह पुत्र करतार सिंह व रछपाल सिंह गंभीर जख्मी हो गए। इन्हें जख्मी हालत में फिरोजपुर सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद गुरदीप व जरनैल की चिंताजनक हालत देख फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रछपाल सिंह को फिरोजपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है।

आरोपी वारदात को अंजाम देकर वहां से भागने में कामयाब हो गए। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस गांव बारेके पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस का कहना है कि गुरदीप सिंह व जरनैल सिंह आरोपी गुट के सदस्य हैं। दोनों गुटों के बीच गांव की पौने दो कनाल जमीन का पुराना विवाद चलता आ रहा है। एसएचओ चरनजीत सिंह का कहना है कि मामले की तहकीकात करने के बाद आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story