Chandigarh: सोमवार से शुरू होगा किसान मजदूर मोर्चा का धरना

चंडीगढ़: पंजाब में किसान संगठनों और आम आदमी पार्टी सरकार के बीच टकराव एक बार फिर बढ़ने जा रहा है। किसान मजदूर मोर्चा सोमवार से पांच दिवसीय आंदोलन शुरू करेगा। इसके तहत पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां और सात मंत्रियों के आवासों के बाहर धरने दिए जाएंगे। इनमें आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री अमन अरोड़ा भी शामिल हैं।
भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की ओर से शनिवार से मंत्रियों के आवासों का घेराव शुरू किए जाने के बाद अब किसान मजदूर मोर्चा भी सीधे मंत्रियों के घरों के बाहर प्रदर्शन करने जा रहा है। इससे सरकार पर किसानों का दबाव और बढ़ने की संभावना है। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा है कि यदि सरकार किसानों की मांगों को गंभीरता से लेकर बातचीत शुरू नहीं करती तो 16 सितंबर की बैठक में आंदोलन को और तेज करने के संबंध में फैसला लिया जाएगा।
मौजूदा आंदोलन की प्रमुख वजह धान के सीजन के दौरान बिजली आपूर्ति और खाद की उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं बताई गई हैं। किसान मजदूर मोर्चा एमएसपी, कृषि कर्ज, नदी जल, भूमि अधिग्रहण, नशे, बेरोजगारी और केंद्र-राज्य संबंधों समेत कई अन्य मुद्दे भी उठा रहा है। मोर्चा बासमती, मक्का, मूंग, सरसों और आलू की एमएसपी पर सरकारी खरीद, किसानों और खेत मजदूरों की पूरी कर्ज माफी तथा आत्महत्या करने वाले किसानों और मजदूरों के परिवारों को मुआवजा और रोजगार देने की मांग कर रहा है। इसके साथ ही बाढ़, गिरते भूजल स्तर और प्रदूषण से निपटने के लिए नीति बनाने की मांग भी शामिल है।
किसानों ने राज्य सरकार की लैंड पूलिंग नीति वापस लेने, पाकिस्तान के साथ वाघा व्यापार मार्ग खोलने और भारतमाला परियोजना के लिए कथित जबरन भूमि अधिग्रहण रोकने की मांग भी रखी है। प्रदर्शन जंडियाला में हरभजन सिंह ईटीओ, सुनाम में अमन अरोड़ा, भोआ में लाल चंद कटारूचक, होशियारपुर में रवजोत सिंह, मुक्तसर में गुरमीत सिंह खुड्डियां, जालंधर में मोहिंदर भगत और लुधियाना में हरदीप सिंह मुंडियां के आवासों के बाहर किए जाएंगे। फरीदकोट में विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां का आवास भी आंदोलन का केंद्र रहेगा।





