Chandigarh: नशा तस्करों को राज्यपाल की दो टूक, नहीं बख्शेंगे

चंडीगढ़: पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने गुरुवार को शहर में नशा तस्करी से जुड़े लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस उन सभी स्थानों और घरों की जांच करेगी, जहां से नशीले पदार्थों से जुड़ी गैर-कानूनी गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिलेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कटारिया सेक्टर-17 में नगर निगम चंडीगढ़ की ओर से शुरू किए गए स्वस्थ, सुरक्षित और नशा मुक्त चंडीगढ़ के सामुदायिक जागरूकता अभियान के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने शहरवासियों से नशे के खिलाफ प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। साथ ही युवाओं से कहा कि वे अपने आसपास ऐसे दोस्तों या परिचितों की पहचान करें, जो नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, और उन्हें नशा छोड़ने तथा सामान्य जीवन में लौटने में मदद करें। राज्यपाल ने बच्चों में कुपोषण को भी एक गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि इससे निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।
नगर निगम की ओर से शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त शहर बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। अभियान के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और बेहतर भविष्य चुनने का संदेश दिया जा रहा है।
इसी अवसर पर नगर निगम ने ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ की भी शुरुआत की। इसके तहत पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास और सामुदायिक जिम्मेदारी को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। अभियान में बच्चों, माताओं और परिवारों के स्वास्थ्य में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में महापौर सौरभ जोशी, चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा, व्यापारी तथा नगर निगम और चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





